भोगांव। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी अनुसूचित जाति की छात्रा को स्कूल आते-जाते समय एक शोहदा परेशान कर रहा है। आरोपी गैर समुदाय का होने के चलते पुलिस भी हरकत में आ गई। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश में दबिश दी लेकिन आरोपी घर पर नहीं मिला। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि जांच के बाद मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 14 वर्षीय किशोरी कस्बा स्थित विद्यालय की छात्रा है। स्कूल आते-जाते समय उसे गांव छाछा निवासी एक गैर समुदाय का युवक परेशान करता है। इसकी शिकायत छात्रा ने घरवालों से की तो शनिवार को परिजन आरोपी के घर शिकायत लेकर गए। वहां मौजूद आरोपी व उसके पिता ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए भगा दिया। इसके कुछ देर बाद आरोपी किशोरी के घर आ गया और उठा ले जाने की धमकी देने लगा। ग्रामीणों के एकत्र होने पर आरोपी भाग गया। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के चलते ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। मामले को लेकर थाने में तहरीर दी गई, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश में दबिश दी, लेकिन वह घर पर मौजूद नहीं मिला। प्रभारी निरीक्षक रविंद्र बहादुर ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है, मामले की गंभीरता के साथ जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।