बैंक हड़ताल: आगरा में 300 करोड़ का लेनदेन ठप, दो दिन में खाली हो गए एटीएम, ग्राहक हुए परेशान
बैंक कर्मचारियों की दो दिवसीय हड़ताल में आगरा के एटीएम खाली हो गए, जिससे ग्राहकों को नकदी के लिए भटकना पड़ा। दो दिनों में करीब 300 करोड़ का लेनदेन प्रभावित हुआ है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में बैंक कर्मचारियों की हड़ताल के दूसरे दिन लोगों को नगदी के लिए भटकना पड़ा। बैंकों के ग्राहक एटीएम से कैश न निकलने पर एक से दूसरे एटीएम तक भटकते रहे। दो से पांच किमी की परिधि में घूमने के बाद किसी एक एटीएम में नगदी निकल सकी।
जिले में 550 से ज्यादा एटीएम है, लेकिन इनमें से 70 फीसदी से ज्यादा एटीएम खाली पड़े रहे। मुख्य मार्गों पर मौजूद एटीएम में आउटसोर्सिंग के जरिए सुबह कैश भरा गया, लेकिन नजदीकी एटीएम बंद होने, खाली होने से चंद घंटों में वह भी खाली हो गए। उन पर भी कैश नहीं है का बोर्ड लगा दिया गया।
दीवानी चौराहे पर किया प्रदर्शन
केनरा बैंक कर्मचारियों ने दीवानी चौराहा स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पर बैंकिंग संशोधन विधेयक के खिलाफ प्रदर्शन किया और निजीकरण का विरोध किया। ऑल इंडिया नेशनलाइज्ड बैंक आफिसर्स कन्फेडरेशन के बैनर तले बैंक हड़ताल के दूसरे दिन केनरा बैंक क्षेत्रीय कार्यालय पर बैंकरों ने कहा कि हर दिन सार्वजनिक बैंकों के फायदे और निजीकरण के नुकसान की जानकारी अपने ग्राहकों को देंगे।
इसका सीधा उदाहरण बैंक एटीएम हैं, जो आउटसोर्सिंग होने के बाद बदहाल हो गए, जबकि पहले बैंकों के हाथ होने पर रात में भी लोग इसका लाभ उठा रहे थे। प्रदर्शन में सौरभ शर्मा, मयंक सिंह, अमित यादव, प्रवीन कुमार, सुनील शर्मा, आकाशदीप, पायल बंसल, शालिनी, अंकित गर्ग, सुधीर सिंह राठौर, रितेश मित्तल, सागर गुजराती आदि मौजूद रहे।
एलआईसी बिल्डिंग पर यूनाइटेड फोरम का प्रदर्शन
यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस के बैनर तले बैंक कर्मियों ने संजय प्लेस स्थित एलआईसी बिल्डिंग पर विरेाध प्रदर्शन किया। इस दौरान गजेंद्र सिंह, पंकज शर्मा, शैलेंद्र झा, महेंद्र चावला, सुरेश बाबू, पुनीत सक्सेना, मनीष शर्मा आदि मौजूद रहे।
यूएफबीयू के संयोजक गजेंद्र सिंह ने कहा कि अभी तो दो दिनों की हड़ताल की है। सरकार जनविरोधी नीति और बैंकों के निजीकरण पर अड़ी रही तो यूनाइटेड फोरम इस हड़ताल को आगे बढ़ाने पर विचार करेगी।
'वेतन कटवा कर रहे हड़ताल'
यूनाइटेड फोरम के सुरेश बाबू ने कहा कि बैंक कर्मचारी अपना वेतन कटवा कर हड़ताल कर रहे हैं। यह आंदोलन लोगों की जमा पूंजी बचाने का है। बैंक बचाओ, देश बचाओ के नारे के साथ हमारे ग्राहक भी साथ खड़े हों।
यूनाइटेड फोरम के शैलेंद्र झा ने कहा कि सरकार बड़े औद्योगिक ग्रुपों से एनपीए वसूल नहीं पा रही। उसकी भरपाई के लिए ऐसे ऐसे निजीकरण और शेयर हिस्सेदारी घटा रही है। इससे बैंकिंग सेक्टर बुरी तरह से प्रभावित हो जाएगा
ग्राहक रवि वर्मा ने कहा कि एटीएम में पैसे नहीं है। आउटसोर्सिंग करने के बाद एटीएम का ये हाल है कि 10 में से कोई एक एटीएम काम कर रहा है। 5 किमी का चक्कर लगाया, तब एक एटीएम से पैसे निकाल पाया।