मथुरा: अक्षय तृतीया पर वृंदावन में यातायात व्यवस्था में किया गया बड़ा फेरबदल, आने से पहले पढ़ लें ये खबर
अक्षय तृतीया के दिन वृंदावन में बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन करने आ रहे हैं तो ये खबर आपके काम की है। पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव करने का निर्णय लिया है। 30 अप्रैल (शनिवार) की शाम से लेकर चार मई की सुबह तक नई व्यवस्था लागू रहेगी।
विस्तार
भगवान कृष्ण की नगरी मथुरा वृंदावन में अक्षय तृतीया पर बड़ी संख्या में दूर-दूर से भक्त दर्शन बांकेबिहारी जी के 'चरण दर्शन' के लिए आत हैं। ऐसे में वृंदावन में होने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव करने का निर्णय लिया है। 30 अप्रैल (शनिवार) की शाम से लेकर चार मई की सुबह तक बड़े और चार पहिया वाहनों का वृंदावन में प्रवेश बंद किया गया है।
बताया गया है कि शनिवार, रविवार के बाद सोमवार को संभावित ईद की होने वाली छुट्टी के मद्देनजर होने वाली भीड़ को कंट्रोल करने के लिए पुलिस ने यह व्यवस्था बनाई है। वर्ष में एक बार होने वाले ठाकुर श्रीबांकेबिहारी के चरण और सर्वांग दर्शन में भीड़ होने की संभावना है। यह ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर का बड़ा आयोजन होगा।
इस बार संभावना जताई जा रही है कि लगभग पांच लाख से अधिक श्रद्धालु अपने आराध्य के दर्शन करने की अभिलाषा लिए पहुंचेंगे। कोतवाली प्रभारी अजय कौशल ने बताया कि शनिवार की शाम से यह व्यवस्था लागू होगी। अक्षय तृतीया तीन मई की है।
यह रहेगी नई व्यवस्था
- राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर से वृंदावन आने वाले बड़े वाहन छटीकरा मार्ग पर रुक्मिणी बिहार पार्किंग पर रोका जाएगा।
- जैंत वाले नए रोड से आने वाले वाहनों को छह शिखर मंदिर के समीप और गांव सुनरख मोड़ पर ही रोक दिया जाएगा।
- मथुरा से आने वाले बड़े और चार पहिया वाहन पागल बाबा के समीप सौ शैय्या संयुक्त जिला अस्पताल के सामने पार्किंग में पार्क कराए जाएंगे।
- यमुना एक्सप्रेसवे की ओर से आने वाले बड़े वाहन दारुक पार्किंग में खड़े कराए जाएंगे, यह व्यवस्था चार मई की सुबह तक रहेगी।