आगरा आ रहे हैं तो जरूर पढ़ें यह खबर, यमुना नदी के नए पुल पर बंद है यातायात
यमुना नदी पर नवनिर्मित पुल 72 घंटे के लिए यातायात बंद किया गया है।
पुल पर यातायात बंद होने से सुबह से देर शाम तक जाम से जूझते रहे लोग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में यमुना नदी पर नवनिर्मित पुल की वाटर वर्क्स से फिरोजाबाद रोड को जोड़ने वाली लेन पर शनिवार की सुबह से यातायात को 72 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है। पुल की यमुनापार से भगवान टॉकीज की ओर जाने वाली लेन पर टेस्टिंग के कारण ट्रैफिक बंद किया गया है। पुल की एक लेन बंद होने के कारण यहां पूरे दिन भीषण जाम रहा।
यमुना नदी पर ढाई साल से निर्माणाधीन तीसरे पुल को वाटर वर्क्स फ्लाईओवर को जोड़ने वाली लेन को छह जुलाई को यातायात के लिए खोल दिया गया था। इससे वाटर वर्क्स चौराहे पर जाम से छुटकारा मिल गया था। पुल की दूसरी लेन पर काम तेजी से चल रहा था, अब टेस्टिंग के लिए पुल पर यातायात को पूरी तरह बंद किया जाना था।
इसके लिए जिलाधिकारी से अनुमति मांगी गई थी। शनिवार को सुबह छह बजे से बोल्डर डालकर पुल पर यातायात को बंद कर दिया गया। इसके बाद वाटर वर्क्स फ्लाईओवर से आने वाले वाहनों को फ्लाईओवर के कट से जवाहर पुल की ओर निकाला जाने लगा। इससे फिर जाम के हालात पैदा हो गए।
दिनभर जाम से जूझते रहे लोग
सुबह 11 बजे से यहां जाम लगने का सिलसिला शुरू हुआ, जो कि देर रात तक चलता रहा। दोपहर एक से दो बजे के बीच स्कूलों की छुट्टी होने पर सैकड़ों वाहन फंस गए। यातायात पुलिस के साथ थाने की पुलिस ने जाम खुलवाने के प्रयास किए। शाम को चार बजे तक हालात सुधरे तो शाम सात बजे से फिर से जाम लगने का सिलसिला शुरू हो गया।
ओरिएंटल कंपनी के सहायक महाप्रबंधक लक्ष्मीनारायन रेड्डी ने बताया कि यमुना नदी पर बनाए जा रहे पुल की दूसरी लेन की टेस्टिंग का काम शुरू किया गया है, जो कि 72 घंटे तक चलेगा। इसके बाद पुल की दोनों लेन को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।
रोडवेज बस फंसी, लगा जाम
रामबाग की ओर से आ रही रोडवेज बस शनिवार की सुबह जवाहर पुल के मोड़ पर खराब हो गई। इस कारण लंबा जाम लग गया। रास्ते में बस के खराब होने के कारण उसे हटाना भी मुश्किल हो गया। बाद में बस को क्रेन की मदद से हटाया जा सका। इस कारण सुबह दस बजे से यहां दो घंटे तक जाम लगा रहा।