Taj Mahal: शीशमहल पार्क के वॉच टावर से करिए ताज का दीदार, दिवाली पर पर्यटकों को मिलेगा प्रवेश
शीशमहल पार्क को विकसित करने में 72 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। पार्क में वॉच टॉवर और पाथवे के निर्माण का काम पूरा हो चुका है। दिवाली से पहले पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा।
विस्तार
आगरा में उद्यान विभाग ने ताजमहल के पश्चिमी गेट के पास स्थित शीशमहल पार्क में वॉच टावर बनाया है, जहां से हरियाली के बीच खुशबूदार पौधों की मौजूदगी में ताजमहल का दीदार किया जा सकता है। एक बार में 100 सैलानी इस वॉच टावर से दीदार कर सकते हैं। यहां से पर्यटक ताजमहल, आगरा किला, मेहताब बाग और यमुना नदी का शानदार नजारा देख सकेंगे। दिवाली से पहले इसे पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा।
उप निदेशक उद्यान कौशल कुमार नीरज ने बताया कि पहले सुरक्षा की दृष्टि से नजर रखने के लिए शीशमहल टीले पर वॉच टावर बनाया गया था, जो जर्जर हो गया था। उसे तोड़कर पर्यटकों के लिए नए वॉच टावर का निर्माण किया गया है।
पार्क में प्रवेश के लिए लगेगा टिकट
शीशमहल पार्क को विकसित करने में 72 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। पार्क में वॉच टॉवर और पाथवे के निर्माण का काम पूरा हो चुका है। पार्क में फुलवारी समेत अन्य पौधों का रोपड़ कर दिया गया है। पार्क का विधिवत उद्घाटन होने के बाद सैलानी टिकट खरीदकर पार्क में प्रवेश कर सकेंगे।
पार्क होगा बेहद खास
शीश महल में वॉच टावर तो खास है ही, यहां का वातावरण भी बेहद खास है। पार्क में वॉच टावर के आसपास फूलों के पौधे लगाए गए हैं। पार्क में प्रवेश करते ही अलग तरह का अहसास होता है। एक बड़े क्षेत्रफल में फैले शीश महल पार्क में एक झोंपड़ी भी बनाई गई है।Exclusive: ताजगंज बाजार की कमाई से सहेजा जाता था ताजमहल, मुमताजाबाद दिया गया था नाम
वॉच टावर पर बैठकर पर्यटक शुद्ध हवा का आनंद ले सकते हैं। वॉच टावर के अलावा पार्क में भव्य प्रतिमा, झरना, फव्वारा, लाइटिंग और कैंटीन समेत कई अन्य काम भी प्रस्तावित हैं। दिवाली से पहले उद्यान विभाग पार्क का उद्घाटन करने की तैयारी में जुटा हुआ है।