मथुरा: महाराष्ट्र से मुजफ्फरनगर जा रहा टमाटर लदा ट्रक पलटा, हाईवे पर दो घंटे लगा रहा जाम
मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र में भरतपुर पुल के समीप टमाटर लेकर जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
महाराष्ट्र से टमाटर के 700 क्रेट लेकर मुजफ्फरनगर जा रहा ट्रक सोमवार सुबह हाईवे पर भरतपुर पुल के पास पलट गया। इससे एक साइड का यातायात रुक गया। वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। जाम फंसे लोग परेशान हो गए। कुछ लोग तो वाहनों से उतरकर पैदल ही चलने लगे। हाईवे पुलिस ने ट्रक को क्रेन से हटवाया।
दो घंटे बाद खुल सका जाम
दो घंटे बाद हाईवे पर वाहनों का आवागमन सुचारु हो सका। पलटे ट्रक के चलते सड़क पर टमाटर फैल गए, जिन्हें आसपास के लोग भर ले गए। ट्रक पलटने से क्लीनर कल्लन घायल हो गया। पुलिस ने उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया। यहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार ने बताया कि अचानक बेकाबू होकर ट्रक पलट गया। हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ। हाईवे की दिल्ली की तरफ वाली साइड पर वाहन निकलने में दिक्कत हुई। दूसरी साइड से वाहन धीरे-धीरे करके निकलवाए। क्रेन से ट्रक हटवाकर मार्ग को सुचारु करवाया।
हादसे में सात लाख का नुकसान
टमाटर को मंडी पहुंचाने की जल्दबाजी में हुए इस हादसे के कारण टमाटर व्यापारी सुबोध कुमार को 7 लाख का नुकसान हुआ है। व्यापारी ने बताया कि टमाटर जल्दी से मुजफ्फरनगर पहुंचना था, लेकिन उससे पहले ही यह घटना हो गई, जिसके कारण 50 प्रतिशत टमाटर खराब हो गया। लगभग 7 लाख का नुकसान हुआ है।