आगरा जहरीली शराब कांड: लगातार बढ़ रही मरने वालों की संख्या, तीन और लोगों की मौत
मरने वालों की संख्या अब 17 हो गई है। थाना इरादतनगर में मृतक नेमीचंद के भाई ने ठेका संचालक और सेल्समैन के खिलाफ तहरीर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शमसाबाद के गांव चितौरा निवासी राधेश्याम (45) पुत्र गुलाब सिंह ने 23 अगस्त की सुबह शराब पी थी। उनके भतीजे राज ने बताया कि दोपहर में दो बजे उनकी हालत बिगड़ गई। गांव के चिकित्सक को दिखाया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती कराने को कहा। शहर में लेकर गए लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ और राधेश्याम की मौत हो गई। गांव वालों के कहने पर अंतिम संस्कार कर दिया।
गांव के ही राजू (50) पुत्र जानकी प्रसाद रक्षाबंधन पर शराब पीकर आए थे। परिजनों ने बताया कि दूसरे दिन उनकी हालत बिगड़ गई। उल्टी हुई। आंखों से कम दिखाई देने लगा। उन्हें शमसाबाद रोड स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया। 26 अगस्त को एसएन मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी में ले गए। रात में राजू की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। इन मौतों के बारे में एसपी आरए पूर्वी के. वेंकट अशोक ने जानकारी से इंकार किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस को लिखित में कोई जानकारी नहीं दी गई है।
इरादतनगर के गांव गढ़ी गजेंद्रा के नेमीचंद (40) ने 23 अगस्त को शराब पी थी। दूसरे दिन उनकी हालत बिगड़ गई। परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया। नेमीचंद के भाई राजेश ने बताया कि 24 अगस्त को भाई की मौत हो गई। शव का अंतिम संस्कार कर दिया। नेमीचंद के साथ गांव के ताराचंद और संजय ने भी शराब पी थी। ताराचंद का इलाज शमसाबाद रोड स्थित अस्पताल में चल रहा है। संजय को दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसपी आरए पश्चिमी सत्यजीत गुप्ता का कहना है कि नेमीचंद और ताराचंद के परिजनों ने गढ़ी जहान सिंह के ठेका संचालक और सेल्समैन के खिलाफ तहरीर दी है। मामले में मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी। संजय के परिजनों ने संपर्क नहीं किया है। उनके बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।
इनकी भी मौत
डौकी के गांव कौलारा कला में रामवीर, अनिल, राधेश्याम, गांव बरकुला में गयाप्रसाद, ताजगंज के गांव नगला देवरी में ताराचंद, राम सहाय, चंद्रभान और सुनील, शमसाबाद के गांव गढ़ी जहान सिंह में रूप सिंह, उसके भाई राजू, अशोक, भगवान सिंह, संजय की मौत हुई थी। बोदला स्थित भगवती विहार निवासी राकेश की 24 अगस्त को मौत हुई थी। वह इरादतनगर के गढ़ी गजेंद्रा अपनी ससुराल गए थे। वहां पर शराब पी थी। सबसे ज्यादा सात लोगों की मौत शमसाबाद थाना क्षेत्र में हुई। विसरा जांच में अनिल, रामवीर, गया प्रसाद और सुनील की मौत जहरीली शराब से होने की पुष्टि हो गई। इसके बाद पुलिस ने आठ मुकदमे दर्ज किए थे।
आगरा जहरीली शराब कांड: लापरवाही पर क्षेत्राधिकारी फतेहाबाद को हटाया, विभागीय जांच शुरू