Agra News: यमुना एक्सप्रेसवे के पास वैन में औरैया की युवती से सामूहिक दुष्कर्म, तीन आरोपी गिरफ्तार
आगरा के एत्मादपुर थाना क्षेत्र में युवती से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। वैन चालक और उसके दो साथियों ने यमुना एक्सप्रेसवे के पास वैन में वारदात को अंजाम दिया। युवती ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस मुकदमा दर्ज किया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में औरैया की 23 वर्षीय युवती के साथ वैन चालक और उसके दो साथियों ने मंगलवार रात को एत्मादपुर के पास जंगल में सामूहिक दुष्कर्म किया। युवती ने नोएडा से फिरोजाबाद के लिए ईको वैन बुक की थी। एत्मादपुर थाना क्षेत्र के कुबेरपुर यमुना एक्सप्रेसवे कट के पास जंगल में तीन घंटे तक युवती से दरिंदगी की गई। अर्द्ध बेहोशी की हालत में उसे फिरोजाबाद के लिए एक ऑटो में बैठा दिया। पीड़िता की तहरीर पर एत्मादपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वैन भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वह औरैया के विधूना थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। वह 27 दिसंबर की रात 8 बजे नोएडा के सेक्टर-37 से ईको वैन में फिरोजाबाद जाने के लिए बैठी थी। फिरोजाबाद पहुंचने पर चालक ने पूछा कि तुम्हें कहां जाना है। उसने अपने गांव का नाम बताया तो वैन चालक ने कहा कि वह भी वहीं जा रहा है, छोड़ देगा। वह उसे लेकर चला।
अर्द्ध बेहोशी हालत में ऑटो में बैठाया
रास्ते में नींद में होने के कारण वह ठीक से रास्ता नहीं देख पायी। चालक वैन को वापस कुबेरपुर ले आया। जहां दो और लोगों को गाड़ी में बैठा लिया। एक्सप्रेसवे के पास जंगल में सुनसान स्थान पर ले जाकर तीनों ने वैन में दुष्कर्म किया। तीनों आपस में एक-दूसरे से जयवीर, टीटू व चाचा कहकर बात कर रहे थे। इसके बाद सुबह करीब चार बजे उन्होंने अर्द्ध बेहोशी की हालत में फिरोजाबाद जाने के लिए एक ऑटो में बैठा दिया। उस समय मुझे होश नहीं था। होश आने पर ऑटो वाले को लेकर थाने आई।
पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। तीनों आरोपियों चालक जयवीर सिंह निवासी रसूलपुर एत्मादपुर, टीटू उर्फ हेमंत व रामराज दोनों निवासी गढ़ी रामी, एत्मादपुर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
नोएडा में करती थी नौकरी
थाना प्रभारी एत्मादपुर सर्वेश कुमार ने बताया कि पीड़िता ने बताया कि वह नोएडा में किसी कपड़े की कंपनी में काम करती थी। दो महीने पहले नौकरी छोड़ दी थी। कंपनी में उसके 10 हजार रुपये बाकी रह गए थे। उसे लेने के लिए 26 दिसंबर को नोएडा गई थी। कंपनी वालों ने 10 जनवरी को बकाया पैसे देने की बात कही। जिसके बाद वह बदरपुर, दिल्ली बुआ के घर चली गई। मंगलवार की रात घर जाने के लिए निकली थी। वारदात के बाद आरोपियों ने उसे फिरोजाबाद के लिए एक ऑटो 200 रुपये में बुक कर बैठा दिया था। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा।