आगरा: गारमेंट शोरूम की छत तोड़कर 24 लाख रुपये चोरी, वारदात से व्यापारियों में आक्रोश
आगरा में चुनाव को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है, लेकिन आपराधिक घटनाएं नहीं थम रही हैं। रविवार को रात को चोरों ने एक शोरूम में सेंध लगाकर लाखों की चोरी कर ली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के एमएम गेट स्थित सिंधी बाजार में रविवार रात को चोरों ने रेडीमेड गारमेंट के शोरूम की छत तोड़कर 24 लाख रुपये चोरी कर लिए। सोमवार सुबह घटना का पता चलने पर व्यापारियों ने आक्रोश जताया। पुलिस ने चोरों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका।
मारुति एस्टेट निवासी चंद्र प्रकाश का सिंधी बाजार में बाबा फैमिली शॉप के नाम से शोरूम है। उनके मुताबिक, दुकान में तीन दिन की बिक्री के 24 लाख रुपये रखे हुए थे। रविवार को बैंक बंद होने के कारण वह रकम जमा नहीं करा सके। सोमवार को बैंक खुलने पर रकम जमा कराने जाते। सोमवार को सुबह 10:45 बजे उनका बेटा दिनेश शोरूम पर आया। शटर खोलकर अंदर गया तो छत टूटी थी। यह देखकर उनके होश उड़ गए। छत तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने काउंटर की दराज का लॉक तोड़कर 24 लाख रुपये चोरी कर लिए।
उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने डाग स्क्वैड की मदद से चोरों की तलाश की, लेकिन पता नहीं चल सका। घटना पर व्यापारियों ने आक्रोश व्यक्त किया। उनका कहना था कि चोरी और लूट की लगातार वारदात हो रही हैं। चुनाव में पुलिस के अलर्ट का भी कोई फायदा नहीं हो रहा है। बाजार में पुलिस रहती है। रात में चौकीदार भी ड्यूटी करते हैं। सौ कदम की दूरी पर बैरियर पर पुलिस रहती है। थाना एमएम गेट और कोतवाली भी नजदीक है। इसके बावजूद चोरी होना सुरक्षा पर सवाल उठाता है।
दुकानों की छत से भागे चोर
पुलिस को जांच में पता चला कि बाजार में दुकानों की छत मिली हुई हैं। चोर छत के रास्ते से आए थे। चोरी के बाद छतों से होकर ही भाग गए। पुलिस घटना के खुलासे के लिए सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक कर रही है। एसपी सिटी विकास कुमार का कहना है कि चोरों का पता किया जा रहा है।
नामनेर में चोरी का खुलासा नहीं
नामनेर में एक व्यापारी के घर में 15 दिन पहले चोरी हुई थी। चोर लाखों के जेवरात चोरी करके ले गए थे। परिवार शादी समारोह में गया था। चोरों ने इसका फायदा उठाया। इस मामले का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।