आगरा: आधी रात को चुरा रहे थे स्मार्ट सिटी की 'खूबसूरती', राहगीर की सतर्कता से पकड़ा गया एक आरोपी
माल रोड और फतेहाबाद रोड पर कई स्थान पर स्मार्ट सिटी योजना के तहत पोल लगाकर सुंदर लाइट लगाई गई हैं। इनसे रोशनी के साथ नजारा भी बदल जाता है। इन्हीं पोल को शुक्रवार रात को कुछ लोग लोडर टेंपो में लाद रहे थे। राहगीर की सूचना पर पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के थाना सदर क्षेत्र में वीआईपी मार्ग पर चोरों का गैंग विकास प्राधिकरण के ठेकेदार बनकर स्मार्ट सिटी योजना के तहत लगाए गए पोल को चोरी कर रहा था। शुक्रवार रात को एक राहगीर की नजर पड़ गई। उनके पूछताछ करने पर तीन भाग गए, जबकि एक संदिग्ध पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोडर को कब्जे में ले लिया। संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है।
ताजगंज स्थित नगला टीन मोहल्ले के रहने वाले नितिन मौर्या जूतों की ट्रेडिंग का कारोबार करते हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात तकरीबन एक बजे वो बाइक से आ रहे थे। माल रोड पर सुंदरता के लिए विशेष पोल पर लाइट लगी हैं। तारघर चौराहे के पास एक लोडर टेंपो खड़ा देखा। कुछ लोग पोल और लाइट को खोलकर जल्दी से टेंपो में डाल रहे थे।
राहगीर ने लोडर के आगे बाइक लगाकर रोका
इससे उनको शक हो गया। वह लोडर के पास आकर रुक गए। यह देखकर सभी लोग लोडर में बैठकर जाने लगे। उन्होंने पीछा किया। इस पर वह सुनसान रास्ते पर आ गए। इस पर भी नितिन घबराए नहीं। उन्होंने लोडर के आगे बाइक लगाकर रोक दिया।
112 पर किया कॉल
नितिन ने बताया कि उन्होंने एक को पकड़ने के बाद पुलिस कंट्रोल रूम नंबर पर कॉल किया। कुछ ही देर में पुलिस पहुंच गई। लोडर को कब्जे और संदिग्ध को हिरासत में ले लिया। एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि पोल खोलकर चोरी करने का मामला सामने आया है। चोरों की तलाश की जा रही है। कुछ पोल लोडर टेंपो में बरामद हुए हैं।रोशनी के साथ खूबसूरत लगता है रास्ता
माल रोड और फतेहाबाद रोड पर कई स्थान पर स्मार्ट सिटी योजना के तहत पोल लगाकर सुंदर लाइट लगाई गई हैं। इनसे रोशनी के साथ नजारा भी बदल जाता है। इन पोल की कीमत अधिक रहती है। इन पोल को गला दिया जाता है। इस कारण ही चोरों के निशाने पर हैं। चोर कबाड़ियों को बेचते हैं। विकास प्राधिकरण ने पोल लगाने के लिए टेंडर निकाले थे। यह यमुना किनारा मार्ग, ताज के पूर्वी और पश्चिमी गेट पर भी लगे हैं।योजना बनाकर करते हैं चोरी
पुलिस की पड़ताल में पता चला है कि गैंग चोरी के लिए पूरी योजना बनाते हैं। वो सीसीटीवी कैमरे लगे स्थान के पोलों को नहीं चुराते हैं। बीच रास्ते में लगे ही पोल उखाड़ते थे। कई बार चौराहों पर पुलिस भी रहती है। इस कारण चौराहों पर नहीं जाते हैं। रात एक बजे से तड़के चार बजे तक चोरी करते हैं।
पहले भी पकड़ा गया गैंग
सदर में यह पहला मामला नहीं है। सितंबर 2021 में चोरों का गैंग पकड़ा गया था। तीन चोर रात में रेकी करते थे। तड़के चार से पांच बजे के बीच स्ट्रीट लाइट चोरी कर लेते थे। इसके बाद लाइट को कबाड़ियों को बेच देते थे। आरोपी में पुरानी मंडी के सनी, बिहारी और विनोद थे। उन्हें जेल भेजा गया था।