आगरा: बस में सवार कारोबारी की आठ किलोग्राम चांदी की पायल चोरी, युवक ने की वारदात
बेलनगंज निवासी विनय कुमार आठ किलोग्राम चांदी की पायल बैग में लेकर शुक्रवार शाम को सात बजे नामनेर चौराहा आए थे। वह भीलवाड़ा जाने के लिए एक निजी बस में सवार हो गए। उन्होंने चांदी की पायल से भरा बैग सीट के नीचे रख दिया। कुछ देर बाद देखा तो उनका बैग वहां नहीं था।
विस्तार
आगरा के नामनेर चौराहा से शुक्रवार शाम को निजी बस में बैठकर भीलवाड़ा जा रहे कारोबारी की आठ किलोग्राम चांदी की पायल लेकर एक युवक भाग निकला। पीड़ित कारोबारी ने थाना सदर में मुकदमा दर्ज कराया है। युवक कार से आया था। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान के प्रयास में लगी है।
बेलनगंज निवासी विनय कुमार आठ किलोग्राम चांदी की पायल बैग में लेकर शुक्रवार शाम को सात बजे नामनेर चौराहा आए थे। वह भीलवाड़ा जाने के लिए एक निजी बस में सवार हो गए। उन्होंने चांदी की पायल से भरा बैग सीट के नीचे रख दिया। बस चलने में देरी होने पर वो उतर गए। इसके बाद बाहर खड़े हो गए।
यात्रियों को भनक तक नहीं लगी
इस दौरान यात्री बस में चढ़ और उतर रहे थे। तभी पतला सा युवक आया। वह कुछ देर बाद बस से उतरा। इस दौरान वह मोटा नजर आ रहा था। इस पर कुछ लोगों की उस पर नजर पड़ गई। शोरशराबा होने पर विनय बस में गए। उनके बैग से चांदी की पायल चोरी हो चुकी थी। इस पर वो युवक को देखने बाहर आए।
मगर, वो एक कार में बैठकर चला गया। उन्होंने शोर मचा दिया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज देखे। थाना सदर के प्रभारी निरीक्षक अजय कौशल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया है। विवेचना की जा रही है। चोर की तलाश की जा रही है। चांदी की कीमत चार लाख से ज्यादा है।