भोगांव (मैनपुरी)। गांव सरैया में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। शव घर के एक कमरे में फंदे पर लटका मिला। मायके पक्ष की ओर से दहेज हत्या का आरोप लगाया गया है।
फर्रुखाबाद के थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव उम्मरपुर निवासी भवानी सिंह 26 वर्षीय पुत्री सरिता की शादी करीब चार वर्ष पूर्व थाना क्षेत्र के गांव सरैया निवासी नेत्रपाल के पुत्र रामकुमार के साथ की थी। बुधवार की सुबह करीब आठ बजे सरिता का शव घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। जानकारी मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग भी आ गए। पिता भवानी सिंह ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद से ही सास फूलन देवी, ससुर नेत्रपाल, पति रामकुमार, जेठ राम गोविंद, राज कुमार, जेठानी उपासना व नेहा अतिरिक्त दहेज में बाइक की मांग करते हुए प्रताड़ित कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उक्त लोगों ने सरिता की हत्या कर दी। मामले में सीओ प्रयांक जैन ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। वहीं थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।