DBRAU Agra: बीएएमएस परीक्षा की कापियां बदलने वाले गैंग का सरगना निकला छात्र नेता, एजेंट डॉक्टर
बीएएमएस परीक्षा की कापियां बदलने के मामले में पुलिस ने दिल्ली से एक डॉक्टर को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। वह छात्र नेता के संपर्क में था। छात्र नेता ही इस गैंग का सरगना है। वहीं पुलिस ने गायब कापियों के दो बंडल बरामद कर लिए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की बीएएमएस की कापियां बदलने वाला बड़ा गैंग है। इसका मुख्य सरगना एक छात्र नेता है। वो एजेंट के माध्यम से कापी बदलने का ठेका लेता है। पुलिस ने एजेंट डॉक्टर को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। छात्र नेता की तलाश की जा रही है। वहीं जेल भेजे गए टेंपो चालक को चार घंटे की रिमांड पर लेकर गायब कापियों के दो बंडल बरामद कर लिए हैं।
डॉक्टर भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपति प्रोफेसर विनय कुमार पाठक को 27 अगस्त को बीएएमएस की कापियां बदलने की सूचना मिली थी। इस पर जांच की गई थी। सेंट जोंस और आगरा कॉलेज से कापियां उठाने वाले टेंपो चालक देवेंद्र को पकड़ा था।
वह सेंट जोंस कॉलेज से कापियां उठाने के बाद आगरा कॉलेज के बजाय मोती कटरा स्थित एक अहाते में चला गया था। बाद में कापियां छलेसर पहुंचकर एजेंसी को उपलब्ध कराई थीं। इसमें दो बंडल कापियां गायब मिली थीं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा था। कापियां बदलने वाले गिरोह की आशंका पर पड़ताल की जा रही है।
दिल्ली से गिरफ्तार हुआ डॉक्टर
पुलिस ने देवेंद्र के मोबाइल को चेक किया। इसमें कई जानकारी हाथ लगीं। शनिवार को पुलिस ने डॉ. अतुल यादव को दिल्ली से गिरफ्तार किया। वह फिरोजाबाद के शिकोहाबाद का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, अतुल ने एफएच मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस किया है। अब पीजी की तैयारी दिल्ली से कर रहा था।टेंपो चालक और डॉक्टर के बीच बातचीत की चैट मिली थी। पुलिस ने आरोपी अतुल यादव से पूछताछ की। उसके पास से दस्तावेज बरामद किए। आरोपी डॉक्टर कई छात्रों के संपर्क में था। उनसे पास कराने का ठेका लिया था। इसके लिए 30 से 50 हजार एक विषय के लेता था। पुलिस ने डॉक्टर को जेल भेज दिया।
चार घंटे की रिमांड पर बरामद हुए कापियों के बंडल
थाना हरीपर्वत के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि जेल भेजे गए टेंपो चालक देवेंद्र को कोर्ट के आदेश पर रिमांड पर लिया गया। रविवार को सुबह 11 बजे से तीन बजे तक की रिमांड मिली थी। आरोपी से पूछताछ की गई।कापियों के गायब दो बंडल मानसिक आरोग्यशाला (मदिया कटरा रोड) के पास झाड़ियों में ट्रांसफार्मर के पास से बरामद किए गए। गायब हुए बंडलों में 403 विद्यार्थियों की कापियां थीं, लेकिन बरामद बंडल में 15-16 कापियां ज्यादा मिली हैं। यह कहां से आईं? इस बारे में चालक कुछ भी नहीं बता सका। उसे जेल में दाखिल कर दिया गया।
सिकंदरा क्षेत्र में रहता है छात्र नेता
पुलिस की पूछताछ में आरोपी डॉक्टर और देवेंद्र ने एक छात्र नेता का नाम लिया है। वह सिकंदरा क्षेत्र का रहने वाला है। गैंग का सरगना वही है। उसके संपर्क में कई छात्र से लेकर एजेंट भी हैं। छात्र नेता ही परीक्षा में नंबर बढ़ाने का ठेका लेता था। एजेंट छात्रों को लाते हैं। बीएएमएस के छह विषयों की परीक्षा में पास कराने के लिए तीन लाख तक में ठेका ले रहा था। उसके गैंग में चार से पांच लोग और हैं। पुलिस सभी की तलाश में लगी है।
स्कैन कर बनाते हैं एक ही सीरीज की कॉपी
थाना हरीपर्वत पुलिस के मुताबिक, कापियां बदलने वाला बड़ा गैंग हैं। कापियां केंद्र से उठाने से लेकर बदलने तक के काम में कई लोग जुड़े हैं। टेंपो चालक केंद्र से कापी उठाने के बाद गैंग को देता है। जिस छात्र की कापी बदली जानी है, उसे निकाल लेते हैं। इसके बाद टेंपो चालक छलेसर कैंपस में कापियां जमा कर देता था। मगर, लिखापढ़ी में पूरी कापियां दर्शाते थे। गैंग उसी सीरीज की दूसरी कापी स्कैन करके तैयार करते हैं। प्रिटिंग प्रेस कापी छपवा ली जाती है। कापी पर उत्तर लिखकर टेंपो चालक ही दूसरे दिन कैंपस में पहुंचा देता था।
एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि कापियां बदलने वाले गैंग के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली हैं। साक्ष्य संकलन किया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगी है।