Agra: प्रिया हॉस्पिटल में भ्रूण लिंग जांच का पर्दाफाश, हरियाणा एसटीएफ की टीम ने चिकित्सक को रंगेहाथ पकड़ा
हरियाणा एसटीएफ और स्वास्थ विभाग की टीम ने शनिवार को प्रिया हॉस्पिटल पर छापा मारा। पुलिस टीम को देखकर अल्ट्रासाउंड कर रहा डॉक्टर बाथरूम में घुस गया। कार्रवाई के दौरान ऑपरेशन थिएटर में एक भ्रूण डस्टबिन में पड़ा मिला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में हरियाणा एसटीएफ और स्वास्थ विभाग की टीम ने यमुनापार के प्रिया हॉस्पिटल में भ्रूण लिंग जांच करने वाला गैंग पकड़ा है। यहां ऑपरेशन थिएटर में भ्रूण भी मिला है। स्टिंग ऑपरेशन में डॉक्टर और एजेंट से 10-10 हजार रुपये रंगेहाथ पकड़े हैं। अभी टीम की जांच चल रही है।
पीसीपीएनडीटी सेल के प्रभारी डॉ. वीरेंद्र भारती ने बताया कि हरियाणा एसटीएफ और स्वास्थ्य विभाग को गुप्त जानकारी मिली कि प्रिया हॉस्पिटल में भ्रूण लिंग जांच की जाती है। इसके एजेंट ने हरियाणा के नूह में दंपती से 40 हजार रुपये में भ्रूण जांच कराने का सौदा किया।
इस पर हरियाणा एसटीएफ ने टीम बनाई, जिसमें स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, वकील और हरियाणा पीसीपीएनडीटी सेल के अधिकारी भी शामिल रहे। आगरा के स्वास्थ्य विभाग और पुलिस को साथ लेकर स्टिंग ऑपरेशन किया। इसमें डमी गर्भवती महिला का भ्रूण जांच कराने के लिए एजेंट से 40 हजार में सौदा किया।
टीम को देखकर बाथरूम में घुसा डॉक्टर
20 हजार रुपये एजेंट ने पहले ले लिए। गर्भवती महिला को एजेंट प्रिया हॉस्पिटल लेकर आया और अल्ट्रासाउंड कक्ष में ले गया, जहां पर जैसे ही डॉक्टर ने अल्ट्रासाउंड शुरू किया। तभी टीम ने छापा मार दिया। आरोप है कि मौके पर डॉ राजीव कुमार अल्ट्रासाउंड करते हुए मिले। टीम को देखकर डॉक्टर बाथरूम में घुस गया और 10 हजार रुपये वॉशबेसिन की पाइप लाइन में छुपा दिए।
एसटीएफ की टीम ने वॉशबेसिन से रुपये जब्त किए। एजेंट और डॉक्टर से जब्त किए नोटों के नंबर का मिलान किया तो ये वही रुपये थे, जो स्टिंग के दौरान एजेंट को दिए गए थे। एसटीएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीम अभी जांच कर रही है।
ऑपरेशन थिएटर में मिला भ्रूण
स्वास्थ्य विभाग और एसटीएफ की टीम ने ऑपरेशन थिएटर की जांच की तो डस्टबिन में भ्रूण मिला। सख्ती से पूछताछ करने पर डॉक्टर ने बताया कि गर्भवती का अभी गर्भपात किया है। मरीज बगल के कमरे में भर्ती मिली। ये 32 साल की महिला जैतपुर कला की है। इसकी पहले से तीन बेटियां हैं। चौथी बार गर्भवती होने पर प्रिया हॉस्पिटल में भ्रूण लिंग जांच कराया। बेटी होने पर इसका मौके पर ही गर्भपात कर दिया।