मैनपुरी: मिशन मोदी पीएम अगेन के प्रदेश उपाध्यक्ष की पत्नी की डेंगू से मौत, 23 नए मरीज मिले
मैनपुरी जिले में डेंगू और वायरल बुखार का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। शुक्रवार को डेंगू से एक और मौत हो गई। 23 नए मरीज भी मिले हैं। डेंगू के प्रकोप के बीच स्वास्थ्य विभाग ने मलेरिया को लेकर भी अलर्ट जारी किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मैनपुरी में शुक्रवार को अखिल भारतीय कठेरिया विकास मंच के प्रदेश अध्यक्ष एवं मिशन मोदी पीएम अगेन के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. विपिन कठेरिया की पत्नी की मौत हो गई। वह डेंगू से पीड़ित थीं। दिल्ली के एक निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था।
गांव सगौनी निवासी डॉ. विपिन कठेरिया शहर में राधारमन रोड पर रहते हैं। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार उनकी 35 वर्षीय पत्नी डॉ. लक्ष्मी 17 अक्तूबर को डेंगू की चपेट में आई थीं। हालत बिगड़ने पर उन्हें दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां शुक्रवार शाम को उनकी मौत हो गई।
इधर, जिला अस्पताल में 96 लोगों की डेंगू जांच कराई गई, जिसमें से 23 डेंगू पॉजिटिव निकले। सुबह से ही जिला अस्पताल के साथ ही सौ शैया अस्पताल में मरीजों की भीड़ रही।
सांस लेने में दिक्कत के चलते वृद्ध की मौत
शहर के मोहल्ला कटरा निवासी 70 वर्षीय राम अवतार सिंह को पिछले कुछ दिनों से सांस लेने में दिक्कत थी। परिजन उनका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। शुक्रवार को उनकी हालत बिगड़ी तो परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
14 स्थानों पर लगा शिविर
शुक्रवार को जिले में बुखार की रोकथाम के लिए जिले के 14 स्थानों पर सीएमओ डॉ.पीपी सिंह के निर्देश पर शिविर लगाया गया। शिविर के दौरान 643 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया। सीएमओ ने जिले के लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों के पास सफाई पर विशेष ध्यान दें।
मलेरिया को लेकर अलर्ट जारी
डेंगू के बाद अब स्वास्थ्य विभाग ने मलेरिया को लेकर अलर्ट जारी किया है। स्वास्थ्य विभाग ने नगर पालिका प्रशासन को पत्र भेजकर नगर में मलेरिया से बचाव के लिए इंतजाम किए जाने की बात कही है।
सीएमओ ने सभी चिकित्साधीक्षकों को भी पत्र जारी कर मलेरिया से बचाव के लिए व्यवस्थाएं रखने के निर्देश दिए हैं। ग्राम स्वास्थ्य समिति को भी गांव में सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। जलभराव वाले स्थानों पर दवा का छिड़काव और जल निकासी की व्यवस्था कराने को कहा गया है।