आगरा: सिल्ट घटी लेकिन पानी का संकट कम न हुआ, लगातार चौथे दिन भी 'मटमैला' गंगाजल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में आपदा के बाद गंगाजल में आ रही सिल्ट के कारण लगातार चौथे दिन शनिवार को भी आगरा में पानी का संकट बना हुआ है। काला महल, पीपलमंडी, ट्रांसयमुना कॉलोनी, ताजगंज, बालूगंज, रकाबगंज, छीपीटोला, नामनेर, ईदगाह क्षेत्र में पानी में मिट्टी आने की शिकायतें हैं और प्रेशर भी कम है।
पुराने शहर के पार्षदों रवि बिहारी माथुर, राकेश जैन, प्रवीन पटेल, वर्षा शर्मा के पास लोगों ने मटमैला पानी आने और पानी का प्रेशर बेहद कम होने की शिकायतें कीं। जलनिगम अधिकारियों के अनुसार रविवार को पानी सप्लाई में सुधार की संभावना है।
शुक्रवार को गंगाजल में सिल्ट की मात्रा में कमी आई है, लेकिन यह अब भी सामान्य से 40 गुना ज्यादा है। गुरुवार को यह 100 गुना थी। इसके शोधन में सिकंदरा और जीवनी मंडी वाटरवर्क्स के प्लांट पर परेशानी आ रही है। हर दो घंटे बाद फिल्टर साफ करना पड़ रहा है। इससे पंपिंग मशीनों को बार-बार रोकना पड़ रहा है। जीवनी मंडी से जुड़े क्षेत्रों में पानी का संकट ज्यादा गहराया है।
खोदाई के दौरान टूटी थी लाइन, टोरंट ने कराई मरम्मत
दयालबाग 100 फुटा रोड पर पानी की पाइपलाइन टोरंट पावर द्वारा हाइटेंशन लाइन भूमिगत करने के लिए की गई खोदाई के दौरान टूटी थी। गुरुवार को लाइन फटने की सूचना थी। शुक्रवार को जांच के दौरान पता लगा कि यह टोरंट के कर्मचारियों से काम के दौरान टूटी थी।
जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता, सचिव वीबी सिंह ने बताया कि टोरंट पावर के लिए काम कर रहे ठेकेदार से ही पाइपलाइन की मरम्मत कराई गई है। क्षेत्रीय निवासी सौरभ चौधरी ने बताया कि पाइपलाइन की मरम्मत के बाद गड्ढा भरकर नहीं गए हैं। रात के अंधेरे में कोई भी इस गड्ढे में गिर सकता है। क्षेत्रीय लोगों ने टोरंट की केबल रखकर यहां बैरिकेडिंग कर दी है।
नगला हवेली, दयालबाग, लॉयर्स कॉलोनी को नहीं मिला पानी
गंगाजल की पाइपलाइन टूटने के बाद नगला हवेली, दयालबाग, अदनबाग, लॉयर्स कालोनी क्षेत्र में पानी का संकट बना हुआ है। सुबह सिकंदरा वाटरवर्क्स से इस लाइन में जलापूर्ति तो शुरू हुई, लेकिन लीकेज के कारण प्रेशर कम है। इससे लॉयर्स कॉलोनी, दयालबाग की टंकियां पूरी नहीं भर पा रहीं। इस वजह से शुक्रवार को दयालबाग, लॉयर्स कालोनी क्षेत्र के लोगों को पानी की एक-एक बाल्टी के लिए परेशान होना पड़ा।