कासगंज। विश्व मृदा स्वास्थ्य दिवस पर कृषि विज्ञान केंद्र मोहनपुरा और मृदा परीक्षण प्रयोगशाला के द्वारा जागरूकता कार्यक्रम अथैया पिवारी में आयोजित किया। इसमें किसानों को मृदा परीक्षण की महत्वता एवं मृदा की सेहत कैसे अच्छी रहे इसकी जानकारी दी गई।
केवीके अध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने कहा कि किसान फसल की बुवाई से पूर्व खेत की मिट्टी की जांच अवश्य कराएं। जिससे कितनी खाद की आवश्यकता हैं इसकी जानकारी हो जाती है। उसी के मुताबिक खाद का प्रयोग करें। मृदा परीक्षण के लिए खेत से नमूना संग्रहीत करने का तरीका बताया। जिससे पूरे खेत की मिट्टी एक ही नमूने में मिल सकें और जांच में सही तत्वों की जानकारी हो सके।
उन्होंने मृदा के गिर रहे स्तर पर भी चिंता व्यक्त की। विशेषज्ञ कोमल जादौन ने कहा कि मिश्रित उर्वरक का प्रयोग करें, जिससे मृदा में अनावश्यक रसायनिक तत्व नहीं होंगे। कृषि वैज्ञानिक डॉ. नेत्रपाल मलिक, सोहनलाल वर्मा, इफको के क्षेत्रीय प्रबंधक मोहनलाल शर्मा ने भी किसानों को महत्वपूर्ण जानकारियां दी। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।