SN Agra: स्वास्थ्य सेवाओं का हाल, स्ट्रेचर नहीं मिला, बेटे को पीठ पर लाद कर ले गया पिता, हैरान कर देने वाली हैं ये दो तस्वीरें
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में एम्स की तर्ज पर सेवाएं लाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन यहां व्यवस्थाएं बयां करती हैं, कि स्वास्थ्य सेवाओं का हाल क्या है। बिना स्ट्रेचर के बेटे को पीठ पर लाद कर ले जाता पिता और वार्ड ब्वॉय नहीं मिलने पर मरीज को खुद ही कुर्सी पर बिठाकर खींचते परिजन।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में मरीजों की परेशानी खत्म नहीं हो रही है। कभी सर्वर की समस्या तो कभी वार्ड ब्वॉय और स्ट्रेचर नहीं मिलने की दिक्कत। शनिवार को स्ट्रेचर नहीं मिलने पर मरीज को पीठ पर लादकर इलाज के लिए ले जाना पड़ा।
दरअसल शनिवार को दोपहर 10:40 बजे के करीब मथुरा निवासी विष्णु अपने बेटे राहुल को लेकर एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उनके 15 साल के बेटे के पैरों में काफी दर्द हो रहा था। चल नहीं पा रहा था। जब काफी देर तक स्ट्रेचर या व्हीलचेयर नहीं मिली तो विष्णु ने बेटे को पीठ पर लादा और ओपीडी में ले गए। यहां पर्चा बनवाने से लेकर चिकित्सक को दिखाने के लिए वह पीठ पर लादकर ही बच्चे को ले गए।
विष्णु का कहना था कि बेटे को काफी परेशानी हो रही थी। इतने पैसे नहीं थे कि प्राइवेट अस्पताल में इलाज करा सकें। इसलिए यहां लेकर आए थे। स्ट्रेचर नहीं मिलने पर बच्चे को पीठ पर लादकर ले जाना पड़ा।
वहीं दूसरी तस्वीर में परिवार के लोग महिला मरीज को वार्ड ब्वॉय नहीं मिलने पर खुद ही कुर्सी पर खींचकर ले जाते नजर आए। हालांकि एसएन मेडिकल कॉलेज के लिए ये कोई नई बात नहीं हैं। इससे पहले ही स्ट्रेचर और वार्ड ब्वॉय की समस्या को लेकर कई मामले सामने आ चुके हैं।
जांच कराएंगे
वहीं मामले में एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि मरीज को स्ट्रेचर क्यों नहीं मिल सका, इसकी जांच कराई जाएगी। भविष्य में ऐसी कोई दिक्कत नहीं हो, इसका भी इंतजाम किया जाएगा।