श्रीकृष्ण जन्मभूमि-ईदगाह विवाद : मथुरा की अदालत में ठाकुर केशवदेव के केस में पहले रिवीजन पर होगी सुनवाई
ठाकुर केशवदेव के केस में पक्षकारों ने शाही ईदगाह मस्जिद का कोर्ट कमिश्नर से सर्वे कराए जाने की मांग को लेकर प्रार्थना पत्र दिया है। इस पर 11 अगस्त को सुनवाई होगी।
विस्तार
मथुरा के जिला जज की अदालत में ठाकुर केशवदेव के केस में पहले रिवीजन पर सुनवाई होगी। मंगलवार को केस की पत्रावली सिविल जज सीनियर डिवीजन की अदालत से जिला जज की अदालत में जाने के कारण दिन-प्रतिदिन होने वाली सुनवाई टल गई है। अदालत ने सुनवाई के लिए 12 अगस्त की तारीख तय की है। जबकि एक दिन पूर्व एडीजे सप्तम अदालत ने पक्षकार के प्रार्थना पत्र पर रिवीजन की सुनवाई के लिए 11 अगस्त की तारीख तय कर चुकी है।
21 जुलाई को सिविल जज सीनियर डिवीजन की न्यायाधीश ज्योति सिंह ने केस में 25 जुलाई दोपहर तीन बजे से दिन प्रतिदिन सुनवाई का आदेश दिया था। साथ ही यह भी आदेश किया कि पहले 7 रूल 11 यानि के केस सुने जाने योग्य है या नहीं, इस पर सुनवाई होगी। अदालत के फैसले से असंतुष्ट पक्षकार एडवोकेट महेंद्र प्रताप सिंह और राजेंद्र माहेश्वरी ने जिला जज की अदालत में इस फैसले के खिलाफ रिवीजन दाखिल कर दिया।
ईदगाह का सर्वे कराने की है मांग
पक्षकार ने कहा कि पहले इस केस में शाही ईदगाह मस्जिद का कोर्ट कमिश्नर से सर्वे कराया जाए ताकि ईदगाह की वस्तुस्थिति के बारे में पता लग सके। साथ ही अदालत को यह भी बताया कि इस मामले में जिला जज की अदालत रंजना अग्निहोत्री के केस में पहले ही केस को सुनने योग्य मान चुकी है।
जिला जज की अदालत से सुनवाई के लिए मामला एडीजे सप्तम के न्यायाधीश संजय चौधरी की अदालत में गया। जहां पर 25 जुलाई को ही अदालत ने सिविल जज सीनियर डिवीजन के अदालत से पत्रावली मंगाते हुए रिवीजन में सुनवाई के लिए 11 अगस्त की तारीख तय कर दी। मंगलवार को पत्रावली न होने के कारण अदालत ने सुनवाई के लिए 12 अगस्त की तारीख तय की है।
सर्वे की मांग के प्रार्थना पत्र पर 11 अगस्त को सुनवाई
अधिवक्ता महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अब एडीजे सप्तम की अदालत में 11 अगस्त को कोर्ट कमिश्नर से सर्वे की मांग को लेकर दिए प्रार्थना पत्र पर सुनवाई होगी। इंतजामिया कमेटी के सचिव एडवोकेट तनवीर अहमद ने बताया कि चूंकि सिविल जज की अदालत से पत्रावली जिला जज की अदालत में चली गई है, इसलिए अदालत ने सुनवाई के लिए 12 अगस्त की तारीख तय की है। उन्होंने बताया कि पहले पक्षकारगण दिन-प्रतिदिन सुनवाई की मांग कर रहे थे लेकिन जब दिन प्रतिदिन सनवाई के आदेश हो गए तब वह सुनवाई से पीछे हट रहे हैं।
अखिल भारत हिंदू महासभा के रिवीजन पर एक अगस्त को सुनवाई
अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने लड्डू गोपाल जी का ईदगाह के अंदर अभिषेक किए जाने के मामले में जिला जज की अदालत में मंगलवार को रिवीजन दाखिल किया। जिसकी सुनवाई के लिए एडीजे सप्तम की अदालत ने एक अगस्त की तारीख तय की है। पक्षकार ने बताया कि अदालत ने रिवीजन पर सुनवाई के लिए एक अगस्त की तारीख तय की है।