Mainpuri: रेलिंग से बाइक टकराने पर फ्लाईओवर से नीचे गिरकर बच्ची की मौत, मौसी ने भी तोड़ा दम, दो घायल
कुरावली क्षेत्र में फ्लाईओवर पर रेलिंग से बाइक टकराने से उस पर बैठी बच्ची 25 फीट नीचे सड़क पर जा गिरी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल उसकी मौसी ने भी दम तोड़ दिया।
विस्तार
मैनपुरी के कुरावली थाना क्षेत्र में गांव फतेहजंगपुर के पास फ्लाईओवर पर बाइक अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई। हादसे में सात वर्षीय बालिका की फ्लाईओवर से नीचे गिरकर मौत हो गई। जिला अस्पताल में घायल मौसी ने भी दम तोड़ दिया। हादसे में दो अन्य घायलों का उपचार चल रहा है।
एटा के देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव सिरांव निवासी मीना देवी अपनी सात वर्षीय पुत्री प्राची के साथ मंगलवार को थाना बिछवां क्षेत्र के गांव मरहरी स्थित मायके तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने आईं थीं। तेरहवीं में शामिल होने के बाद बुधवार की दोपहर वह बहन ममता और उसके पुत्र योगेंद्र निवासी गांव गिरौरा जनपद एटा के साथ बाइक से वापस जा रही थीं।
बाइक से उछलकर फ्लाईओवर से नीचे गिरी मासूम
बाइक जब थाना कुरावली क्षेत्र में गांव फतेहजंगपुर के पास फ्लाईओवर के पास पहुंची, तभी अचानक बाइक अनियंत्रित होकर रेलिंग से जा टकराई। टक्कर लगने के बाद सात वर्षीय प्राची उछलकर फ्लाईओवर से नीचे जा गिरी। इसके उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मीना देवी, योगेंद्र व ममता को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां कुछ देर बाद 45 वर्षीय ममता ने भी दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने प्राची व ममता के शवों का पोस्टमार्टम कराया। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
25 फीट नीचे सड़क पर गिरी थी बच्ची
फ्लाईओवर पर बुधवार को हुए हादसे में सात साल की मासूम प्राची को खोने के बाद मां मीना के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। डिवाइडर से टकराने के बाद मीना की गोद से छिटक कर मासूम करीब 25 फीट नीचे सड़क पर जा गिरी थी। मां मौसी और भाई फ्लाईओवर पर ही गिर गए थे।