सचिन चौहान हत्याकांड: डीएनए से उलझा केस, नहीं हुआ बालों का मिलान; पीपीई किट में फूंका था शव
आगरा में शीतगृह स्वामी सुरेश चौहान के बेटे सचिन चौहान की दो करोड़ की फिरौती के लिए हत्या कर दी गई थी। पानी के प्लांट में हत्या के बाद शव को दूसरी जगह पीपीई किट में फूंका गया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के जयराम बाग (न्यू आगरा) निवासी शीतगृह स्वामी सुरेश चौहान के बेटे सचिन चौहान (25) की 21 जून 2021 को हत्या हुई थी। पानी के प्लांट में हत्या के बाद शव को दूसरी जगह पीपीई किट में फूंका गया था। पुलिस ने घटनास्थल से बाल बरामद किए थे। दावा किया गया कि बाल सचिन के हैं। मगर इसकी डीएनए रिपोर्ट निगेटिव आई। इससे गुत्थी और उलझ गई है। अब पिता ने पुलिस कमिश्नर को प्रार्थनापत्र देकर चंडीगढ़ लैब में दोबारा जांच कराने की मांग की है।
पिता सुरेश चौहान ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से कुछ सामान बरामद किया था। इनमें एक पानी की खाली बोतल, प्लास्टिक का एक खाली गिलास, सात सिगरेट के डंठल, कुछ बाल थे। इनको विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा था। इसके साथ ही उनके व पत्नी अनीता और आरोपियों के खून के नमूने भेजे थे।
पुलिस ने घटनास्थल से बाल बरामद किए थे। दावा किया गया कि बाल सचिन के हो सकते हैं। इनका मिलान मां-बाप के डीएनए से होना था। पिता का कहना है कि रिपोर्ट आई तो पता चला कि बाल सचिन के नहीं हैं। उन्होंने केंद्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला चंडीगढ़ से दोबारा जांच कराने की मांग की। आरोपियों से भी बालों का मिलान नहीं हुआ है।
ये भी पढ़ें - UP: रिजवान-शानू को फंसाने के लिए साजिश, हिंदू महासभा के पदाधिकारियों ने कराई गौकशी और पहुंचे थाने; हुआ खुलासा
यह हुआ था
- घटना 21 जून 2021 को हुई थी। एसटीएफ ने 29 जून 2021 को घटना का खुलासा किया था।
- आरोपी हर्ष चौहान, सुमित असवानी, रिंकू, हैप्पी खन्ना और मनोज बंसल को जेल भेजा था।
- दावा किया गया कि दो करोड़ की फिरौती के लिए अपहरण के बाद हत्या की गई थी।
- हत्या बहादुरपुर में पानी के प्लांट में हुई थी। इसके बाद वैन से शव ले गए थे।
- बल्केश्वर घाट पर पीपीई किट में शव को फूंक दिया था। कैलाश घाट पर अस्थियां बहा दी गई थीं।
- पानी के प्लांट से बाल, गिलास, पानी की बोतल, सिगरेट के डंठल, सचिन का डेबिट कार्ड बरामद हुआ था।
- बल्केश्वर घाट की रसीद मिली थी, जली हुई लकड़ी बरामद हुई थीं। रसीद पर फर्जी नाम रवि वर्मा लिखा था।
- चार्जशीट में पांच आरोपी बनाए गए। गवाह 30 बनाए गए थे। केस कोर्ट में विचाराधीन है।