Kasganj: बरेली मार्ग पर पलटा पाम ऑयल से भरा टैंकर, तेल भरने में जुटे सैकड़ों लोग, पुलिस ने फटकारी लाठियां
रिफाइंड से भरा टैंकर पटलने से सड़क पर तेल बहने लगा। इसकी जानकारी होने पर आसपास के लोग डिब्बा-बाल्टी लेकर दौड़ पड़े।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कासगंज-बरेली मार्ग पर कासगंज गेट तिराहे पर भगवान वराह चौक पर एक अनियंत्रित टैंकर सामने से आ रहे वाहन को बचाने की कोशिश में चौक पर खड़ी मैक्स से टकराते हुए पलट गया। टैंकर पलटने पर उसमें भरा पाम ऑयल भी सड़क पर फैल गया। हादसे में टैंकर चालक एवं मैक्स चालक घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सड़क पर फैला तेल लोग भरकर ले जाने लगे। पुलिस को लोगों को खदेड़ना पड़ा। टैंकर में 15 टन ऑयल था इसमें से दस टन फैल गया। टैंकर गुजरात से उत्तराखंड जा रहा था।
टैंकर पलटने की घटना सुबह 5 बजे के करीब हुई। पुलिस के मुताबिक यह टैंकर गुजरात से पाम ऑयल लेकर उत्तराखंड के पिच्छा जा रहा था। टैंकर सामने से आ रहे वाहन को बचाने की कोशिश में अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर पलटने के बाद दो से ढाई घंटे तक लोगों में पाम ऑयल भरने की होड़ लगी रही। हर कोई अपने घरों से बाल्टी, टीन, कैन जो बर्तन मिल रहा था उसे लेकर पाम ऑयल भरने में जुटा था। आसपास के लोग पहले ही मौके पर पहुंच गए और उन्होंने कई कई बर्तन भर लिए। टैंकर का ऑयल भरने की होड़ इस कदर थी कि लोग धक्का मुक्की करने लगे। आपस में खींचतान व झगड़े की स्थिति देखते हुए पुलिस ने सख्ती करते हुए लोगों को खदेड़ा। इसके बाद भी लोग दूर-दूर तक फैले पाम ऑयल को भरने में जुटे रहे। पुलिस ने क्रेन मंगाकर टैंकर को किनारे किया। टैंकर पलटने से यातायात भी प्रभावित हुआ। इस दुर्घटना में टैंकर के अलावा मैक्स भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। भगवान वराह मूर्ति चौक का प्लेटफार्म, रेलिंग और पत्थर भी टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना में घायल टैंकर चालक शकील खान और मैक्स चालक देवेंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
15 मिनट पहले ही श्रद्धालु उतरे थे मैक्स से
सुबह 5 बजे जब टैंकर अनियंत्रित होकर मैक्स से टकरा कर पलटा था उससे ठीक 15 मिनट पहले गंगा स्नान को आए श्रद्धालु उतरकर चले गए थे। अगर श्रद्धालु मैक्स में होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
खोंमचे, चाट वाले भरकर ले गए ऑयल
कचौरी, समोसे आदि नाश्ता तैयार करने वाले दुकानदार व ढकेल संचालक सड़क पर फैले तेल को डिब्बों में भरते नजर आए। स्थानीय लोगों ने ऐसे दुकानदारों के फोटो वीडियो बनाकर वायरल कर दिए। सोरोंजी अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हरीश कुमार ने बताया कि इस तरह के दूषित ऑयल से बनी वस्तुएं खाने से लोगों को पेट व लिवर संबंधी दिक्कत हो सकती हैं। इससे बचाव बेहद जरूरी है।
पालिका का हुआ नुकसान
टैंकर पलटकर वराह मूर्ति के प्लेटफॉर्म पर गिरने से पत्थरों का प्लेटफॉर्म व रेलिंग पूरी तरह टूट गए। इससे पालिका का 1.5 से 2 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पालिका की ओर से कोतवाली में टैंकर चालक के खिलाफ तहरीर दी गई है।
दुर्घटनाओं के लिए संवेदनशील है तिराहा
कासगंज गेट तिराहा दुर्घटनाओं के लिए बेहद संवेदनशील है। यहां पहले भी लोगों के वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुए हैं। सर्दी के समय में भी वराह चौक में अनियंत्रित वाहन घुसने की दुर्घटना हुई। पिछले माह हुई दुर्घटना में एक की जान गई थी।
नाले से ऑयल भरते नजर आए लोग
सड़कों से बहता ऑयल नाले नालियों में जा पहुंचा तो लोगों ने पानी की ऊपरी सतह पर तैरते पाम ऑयल को भरने से भी परहेज नहीं किया। लोग नाले में डिब्बों को लेकर ऑयल भरने के लिए उतर गए। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। कोतवाली प्रभारी सोरोंजी रमेश चंद्र भारद्वाज ने बताया कि टैंकर पाम ऑयल लेकर गुजरात से उत्तराखंड जा रहा था। टैंकर में 15 टन ऑयल भरा था। जिसमें से करीब 10 टन पाम ऑयल फैल गया। दुर्घटना में दोनों वाहनों के चालक घायल हो गए। जिनका इलाज सरकारी अस्पताल में चल रहा है।- , ,