आगरा: बारिश से धंस गईं नई सड़कें, गहरे गड्ढों के कारण बोदला रोड पर हुए हादसे
बेहद खतरनाक गड्ढों के कारण कई वाहन इनमें फंसकर पलट गए, जबकि बाइक सवार कई युवकों को चोटें आईं। पानी भरा होने के कारण गहरे गड्ढों को वाहन सवार देख नहीं सके और उसमें गिर पड़े।
विस्तार
बारिश से बुधवार की न केवल शहर में जलभराव हुआ, बल्कि वेस्टर्न जोन की सड़कों की हकीकत सामने आ गई। इन सड़कों पर गहरे-गहरे गड्ढे हो गए, जिस वजह से ट्रैफिक रुक गया। बेहद खतरनाक गड्ढों के कारण कई वाहन इनमें फंसकर पलट गए, जबकि बाइक सवार कई युवकों को चोटें आईं। पानी भरा होने के कारण गहरे गड्ढों को वाहन सवार देख नहीं सके और उसमें गिर पड़े। बुधवार को लोहामंडी-बोदला रोड, जगदीशपुरा, गढ़ी भदौरिया, किशोरपुरा, शांतिपुरम, अलबतिया रोड, सुभाष नगर, कलाकुंज, मारुति एस्टेट, बोदला रोड, श्याम नगर के सामने, विनय नगर मोड़, महर्षिपुरम, गुरुद्वारा गुरु के ताल पर बुलट अड्डा के पीछे, अवधपुरी, भावना क्लार्क होटल, फतेहाबाद रोड, बल्केश्वर, ट्रांसयमुना, पश्चिमपुरी, 80 फुट रोड, हरीश नगर, फूड सर्किल के सामने, अरविंद पुरम, शैलेंद्र पुरम, सेक्टर चार में बारिश के कारण जलभराव में सीवर और पानी की लाइनें धंस गईं, जिनमें दो से चार फुट गहरे गड्ढे हो गए। मारुति एस्टेट से बोदला नबी सराय के बीच एक किमी में 40 से ज्यादा गड्ढे हो गए, जिस वजह से सड़क की एक लेन पर ट्रैफिक रोकना पड़ा। यहां अग्रवाल स्वीट्स के पास बैरिकेडिंग कर ट्रैफिक दूसरी लेन से ही उल्टी दिशा में निकाला गया।
बारिश के कारण पाइप लाइन वाली जगहों पर मिट्टी का कॉम्पेक्शन हुआ है। हमने सुबह ही बारिश के बाद जेसीबी तैयार की थी ताकि गड्ढों के होने पर तुरंत गिट्टियां बिछाई जा सकें। लोहामंडी, बोदला रोड पर हमने कई जगह ऐसा ही किया। - यदुनाथ सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर, जलनिगम निर्माण इकाई
गड्ढे में गिरा, हाथ में चोट
अपने भाई के साथ बोदला जा रहा था, लेकिन पानी से भरी सड़क पर गड्ढा नजर नहीं आया। बाइक के साथ दोनों गिर पड़े। हाथ पर चेाट आई है। दुकानदारों ने उठाया। - आकाश कुमार, अलबतिया रोड
पांच लोग गड्ढे में गिरे
कैलाशपुरी मोड़ पर बड़ा गड्ढा हो गया, जिसे पानी भरा होने के कारण मेरी तरह और भी लोग नहीं देख पाए। मेरे साथ पांच और लोग गड्ढे में गिर पड़े। बाद में यहां डंडे लगवाए ताकि कोई और शिकार न हो - सीमा सिंह, मदिया कटरा
श्री पारस अस्पताल दमघोंटू मॉकड्रिल: आईएमए की जांच समिति को मरीजों ने दी अहम जानकारी, रिपोर्ट में किया शामिल