अछनेरा। गांव नागर के चकमार्ग संख्या-24 पर पुल निर्माण की मांग पर 186 दिनों से चल रहा किसानों का धरना शुक्रवार को समाप्त हो गया। किसानों के रेल रोको आंदोलन की चेतावनी के बीच रेलवे ने मौके पर दो जेसीबी मशीनें लगाकर पुल निर्माण कार्य शुरू करा दिया।
निर्माणाधीन कीठम-भांडई बाईपास तीसरी रेल लाइन के चलते चकमार्ग अवरुद्ध होने से किसान लंबे समय से पुल निर्माण की मांग कर रहे थे। शुक्रवार सुबह बड़ी संख्या में किसान गांव नागर रेलवे क्रॉसिंग पर एकत्र हुए। इस दौरान पुलिस और किसानों के बीच कई बार तीखी नोकझोंक भी हुई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नायब तहसीलदार शुभ्रा अवस्थी एंव थाना प्रभारी अछनेरा देवेंद्र कुमार द्विवेदी ने मौके पर पहुंचकर किसानों को अपर जिलाधिकारी प्रशासन की ओर से रेलवे को भेजे गए लिखित संस्तुति पत्र की प्रति सौंपी, जिसके बाद मामला शांत हुआ। इस दाैरान चौधरी दिलीप सिंह, धीरज सिकरवार, प्रमोद नरवार, बॉबी गोला, सुखपाल सिंह, सौदान सिंह, राजेंद्र सिंह, प्रमोद नरवार, बलवीर सिंह, भगवान दास, दामोदर सिंह, प्रेम सिंह आदि मौजूद रहे।