Mainpuri News: कुत्ते को बचाने के चक्कर में पलट गई प्राइवेट बस, एक की मौत, कई यात्री घायल
बस थाना एलाऊ क्षेत्र में मंछना गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा कि बस के सामने कुत्ता आ गया था, जिसे बचाने के चक्कर में ये हादसा हुआ।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस सवार 30 यात्रियों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे में घायल हुए एक युवक की मौत हो गई।
प्राइवेट बस मंगलवार सुबह सवारियां लेकर किशनी जा रही थी। बस थाना एलाऊ क्षेत्र में मंछना गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा कि बस के सामने कुत्ता आ गया, जिसे बचाने के चक्कर में ये हादसा हुआ। बस पलटते ही यात्रियों की चीख पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर आ गई। घायल यात्रियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान घायल हुए युवक अभिषेक ने मेडिकल कॉलेज सैफई में दम तोड़ दिया।
घायलों के नाम
शांति देवी निवासी गांव पतारा, सुमित निवासी गांव कछपुरा, रेनू निवासी गांव अंबरपुर कुर्रा, नीतू कुमारी गांव किशनपुर पतारा, साधना निवासी कुर्रा, अनुरेखा निवासी कुर्रा, सोनम निवासी गांव रमपुरा कुर्रा, अंजलि गांव कीरतपुर थाना एलाऊ, दिलीप सिंह निवासी गांव दूंदपुर कुर्रा, सोनी चौहान गांव दूंदपुर, नीरज चौहान गांव गोंदा पहाड़पुर कुर्रा, आलोके कुमार निवासी गांव विनायकपुर कुर्रा, शिवम निवासी गांव विनायकपुर, मोहित निवासी गांव मकयानी कुर्रा सहित करीब तीस से अधिक लोग घायल हुए हैं।