मथुरा: बरसाना की लठामार होली को लेकर तैयारियां शुरू, डीएम-एसएसपी ने दिए अधिकारियों को निर्देश
- सीसीटीवी की जद में रहेगा पूरा लठामार होली मेला क्षेत्र
- मेला क्षेत्र में बनेंगे 19 पार्किंग स्थल, डीएम ने दिए निर्देश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मथुरा के बरसाना में राधाकृष्ण के प्रेम एवं अनुराग से रंगी लठामार होली को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसे लेकर शनिवार को डीएम और एसएसपी ने अधिकारियों की बैठक ली। इसमें दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था व अन्य तैयारियों को लेकर अधीनस्थों को निर्देश दिए। बैठक में कुछ अधिकारी नहीं पहुंचेथे। इस पर डीएम ने नाराजगी जताई।
बरसाना में 22 मार्च को लड्डू होली, 23 मार्च को लठामार होली और 24 मार्च को नंदगांव में लठामार होली का आयोजन होगा। इसके चलते शनिवार को डीएम नवनीत सिंह चहल और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बरसाना पहुंचकर लठामार होली को लेकर तैयारियों की समीक्षा की।
रंगीली महल में बैठक के दौरान डीएम ने सभी अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि 10 दिन में वे अपना काम पूरा कर लें। अगर कोताही बरती गई तो संबंधित विभाग के अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में डीपीआरओ, एआरएम व एक्सईएन पीडब्ल्यूडी के न आने से डीएम नाराज दिखे।
तीन अधिकारियों का एक-एक दिन का वेतन काटा
डीएम ने तीनों अधिकारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। पीडब्ल्यूडी के जेई और परिवहन विभाग के स्टेशन इंचार्ज को बैठक से बाहर निकाल दिया। पत्रकारों से बात करते हुए डीएम ने बताया कि इस बार पहले से बेहतर होली की व्यवस्था होगी। जर्जर इमारतों को चिन्हित कर ध्वस्त कराया जाएगा।
क्षतिग्रस्त सड़क मार्गों को भी दुरुस्त करा दिया जाएगा। होली मेला में 110 बसें, 19 पार्किंग स्थलों के साथ स्वास्थ्य विभाग द्वारा 10 स्थानों पर शिविर लगाएगा। सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। हुरियारों के लिए गाजीपुर पर पार्किंग स्थल बनाया जाएगा।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि लठामार होली मेला क्षेत्र सीसीटीवी और ड्रोन कैमरे की जद में रहेगा। मेला क्षेत्र में 10 वॉच टॉवर लगाए जाएंगे। चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान मुस्तैद रहेंगे। आसामाजिक तत्वों पर निगरानी के लिए सादी वर्दी में पुलिस के जवान मौजूद रहेंगे।