Mainpuri : बुजुर्ग की हत्या सूचना पर पुलिस ने चिता से निकलवाया शव, मृतक के दो बेटों को हिरासत में लिया
मृतक के एक बेटे ने अपने दो भाइयों पर पिता की हत्या करने का आरोप लगाया है। इस पर पुलिस ने शव को चिता से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मैनपुरी के कुरावली थाना क्षेत्र के गांव सूपा में बुधवार की शाम एक वृद्ध की मौत के बाद अंतिम संस्कार किया जा रहा था। तभी एक पुत्र ने एसपी को फोन कर बताया कि दो भाइयों ने पिता की हत्या कर दी है, वह लोग शव को जलाने जा रहे हैं। इस सूचना पर पहुंची पुलिस ने वृद्ध के शव को चिता से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के दो पुत्रों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
गांव सूपा निवासी 75 वर्षीय लाखन सिंह की बुधवार को मौत हो गई थी। घर में अंतिम संस्कार को लेकर सभी तैयारियां पूरी करने के बाद शव को जलाने के लिए शमशान ले जाया गया। इस बीच मृतक के एक पुत्र राजेंद्र ने एसपी को फोन कर बताया कि उसके भाइयों ने पिता की हत्या कर दी है। अब वह लोग शव को जलाने के लिए जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस तुरंत हरकत में आ गई।
पुलिस ने चिता से निकलवाया शव
पुलिस टीम शमशान घाट पर पहुंच गई। शव को चिता पर रख कर जलाए जाने की तैयारी की जा रही थी। पुलिस ने शव को चिता से बाहर निकलवाया। परिजन और ग्रामीणों से बातचीत करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। पुलिस ने मृतक के दो पुत्रों राजकिरन व मुलायम सिंह को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। इंस्पेक्टर भोलू सिंह भाटी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का सही वजह का पता चलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
टीबी की बीमारी से ग्रसित थे लाखन
पुलिस ने मौके पर पहुंचने के बाद चिता से लाखन सिंह के शव को बाहर निकाला। उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही शिकायत करने वाले पुत्र व ग्रामीणों से अलग अलग जानकारी ली। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि लाखन टीबी की बीमारी से ग्रसित चल रहे थे। इसी वजह से उनकी मौत हुई है। वहीं पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है।