DBRAU: बीएएमएस की कॉपी बदलने के खेल में छात्र नेता की तलाश, सीएम योगी ने दिए जांच के आदेश
एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि कॉपियां बदलने के मामले में कई जानकारी मिली हैं। छात्र नेता की तलाश हो रही है। कुछ कर्मचारियों के भी आरोपियों से जुड़े होने की चर्चा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की बीएएमएस की कॉपियां बदलने का मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचने के बाद जांच एसटीएफ को सौंपी गई है। मगर, इसका आदेश अभी पुलिस अधिकारियों को नहीं मिला है। थाना हरीपर्वत पुलिस ही विवेचना कर रही है। पुलिस को छात्र नेता राहुल पाराशर की तलाश है। पता चला कि वह विश्वविद्यालय और एजेंसी से जुड़े कर्मचारियों के संपर्क में था।
पिछले दिनों बीएएमएस परीक्षा की कॉपियां बदलने के मामले में ऑटो चालक देवेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने उसे जेल भेजा। इसके बाद उसे रिमांड पर लेकर दो बंडल कॉपियां बरामद की गईं। इसमें ज्यादा कापियां मिली थीं। शनिवार को दिल्ली से डॉ. अतुल यादव को पकड़ने के बाद उसे भी जेल भेज दिया गया। वह बीएएमएस के छात्रों के संपर्क में था। पास कराने का ठेका लेता था। उससे पूछताछ के बाद ही सिकंदरा क्षेत्र में रहने वाले छात्र नेता राहुल पाराशर का नाम सामने आया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस को पता चला है कि राहुल पाराशर छात्र नेता होने के नाते विश्वविद्यालय में जाता था। उसकी कई कर्मचारियों से दोस्ती थी। लगातार सक्रिय रहने लगा। उसने मथुरा में अपना कॉलेज भी खोल लिया। कुछ ही दिन में उसका रहन सहन बदल गया। वह एक पार्टी के छात्र संगठन से जुड़ा था। चर्चा है कि उसकी एजेंसी से जुड़े कुछ लोगों से दोस्ती है। इसके बूते ही वह कॉपियां बदलने का खेल कर रहा था। उसके संपर्क में बीएएमएस और एमबीबीएस के परीक्षार्थी ही थे। इन परीक्षाओं में पास कराने पर अच्छी रकम मिलती है।
खंगाली कॉल डिटेल, मिले कई नाम
पुलिस ने ऑटो चालक देवेंद्र, डॉ. अतुल यादव और राहुल पाराशर की कॉल डिटेल खंगाली है। इसमें कई लोगों के नामों का पता चला है। इनके संबंध में पुलिस पड़ताल कर रही है।
एसटीएफ को जांच मिलने से बेचैनी
एसटीएफ को जांच मिलने के बाद विश्वविद्यालय के कई कर्मचारियों की बेचैनी बढ़ गई है। चर्चा है कि राहुल पाराशर के संपर्क वाले कर्मचारियों ने अपने मोबाइल बंद कर लिए हैं। उन्हें डर सता रहा है कि कहीं पुलिस पूछताछ न करने लग जाए। वहीं मामले की जानकारी देते हुए एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि कॉपियां बदलने के मामले में कई जानकारी मिली हैं। छात्र नेता की तलाश हो रही है। कुछ कर्मचारियों के भी आरोपियों से जुड़े होने की चर्चा है। साक्ष्य जुटाया जा रहा है।