पीएम मोदी की रैली से पहले इस पार्टी के अध्यक्ष हिरासत में, पुलिस ने सपा नेता को भी उठाया
आगरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली से पहले पुलिस ने मंगलवार शाम को समान अधिकार पार्टी के अध्यक्ष कुलदीप शर्मा को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उन्हें घर से ही पकड़ लिया। वहीं कई और लोगों को भी पुलिस ने नजर बंद किया है।
दरअसल, पुलिस उन सभी लोगों से वार्ता कर रही थी, जिनसे आशंका है कि वो प्रधानमंत्री की रैली में हंगामा कर सकते हैं। समान अधिकार पार्टी के नेताओं ने कहा कि कुलदीप शर्मा के नेतृत्व में पार्टी एसएसी-एसटी एक्ट में किए गए संशोधन को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ मुहिम चला रही है।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने इसी वजह से उनको हिरासत में लिया है। कई और लोगों को पुलिस ने नजरबंद किया है। वहीं ताजगंज थाना पुलिस ने किसान नेता सोनवीर यादव और सपा नेता तेजपाल यादव को पकड़ लिया। उन्हें थाने ले आए। दोनों ने प्रधानमंत्री की रैली में विरोध का ऐलान किया था।
मुख्यमंत्री ने दिए सख्त निर्देश
बता दें कि गाजीपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के बाद प्रदर्शन कर रहे कुछ लोगों ने पत्थरबाजी कर एक पुलिसकर्मी की हत्या कर दी थी। गाजीपुर की घटना से सबक लेकर पुलिस प्रशासन इस बार कोई कोताही नहीं बरतना चाहता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुरक्षा को लेकर अफसरों का सख्त निर्देश दिए हैं। प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने आए मुख्यमंत्री ने अफसरों से कहा था कि आगरा में गाजीपुर की घटना की पुनर्रावृत्ति न हो पाए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर सवा तीन बजे खेरिया हवाई अड्डे पर उतरेंगे। उनकी अगवानी के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल राम नाईक एक घंटे पहले अपराह्न दो बजे ही खेरिया हवाई अड्डे पर अपने राजकीय विमान से पहुंच जाएंगे।
प्रधानमंत्री के आने तक वह वहीं पर उनका इंतजार करेंगे। उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा और केशव प्रसाद मौर्य का अलग-अलग हेलीकॉप्टर से आगमन का कार्यक्रम है। नगर विकास मंत्री इनमें से किसी एक के साथ आएंगे।