Agra: बिना वीजा और पासपोर्ट के होटल में ठहरीं उज्बेकिस्तान की दो युवतियां गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
पुलिस को सूचना मिली थी कि दो विदेशी युवतियां एक होटल में फर्जी दस्तावेज से ठहरी हैं। इस पर पुलिस ने छापा मारकर दोनों को पकड़ लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के ताजनगरी फेज एक स्थित होटल द एंपायर में उज्बेकिस्तान की दो युवतियां फर्जी आधार कार्ड से ठहरी थीं। उनके पास वीजा और पासपोर्ट भी नहीं थे। इसकी जानकारी पर पुलिस पहुंच गई। दोनों को हिरासत में लिया गया। मामले में पुलिस ने धोखाधड़ी, कूटरचना और विदेशियों विषयक अधिनियम की धारा 14 में मुकदमा दर्ज किया गया। युवतियों को रविवार को जेल भेज दिया।
सीओ सदर अर्चना सिंह ने बताया कि ताजगंज स्थित होटल द एंपायर 15 दिन पहले ही खुला है। उसमें उज्बेकिस्तान की रहने वाली दिलयारा और मैक्सरारामक्सन ने शनिवार दोपहर 1:45 बजे कमरा लिया था। अपनी आईडी के रूप में आधार कार्ड लगाए थे। पुलिस को जानकारी मिली थी कि विदेशी युवतियां फर्जी आधार कार्ड पर ठहरी हैं। इस पर पुलिस टीम होटल पहुंची।
कमरा नंबर 209 में ठहरी थीं युवतियां
होटल मैनेजर चंद्रभूषण और मोहिनी शर्मा ने बताया कि युवतियों को कमरा नंबर 209 में ठहराया गया है। उनकी रजिस्टर में भी एंट्री की गई थी। आईडी की फोटोकॉपी भी ली गई। पुलिस ने दोनों विदेशी युवतियों से पूछताछ की। वीजा और पासपोर्ट दिखाने को कहा। उन्होंने मोबाइल में पासपोर्ट की फोटो दिखाईं। मूल प्रति दिल्ली में होने की बात कही। वहीं वीजा नहीं दिखा सकीं। इस पर दोनों थाना ताजगंज लाया गया।
सीओ सदर ने बताया कि विदेशी युवतियों ने असली नाम पते को छुपाया। अपने देश के पहचानपत्र नहीं दिखाए। कूटरचित आधार का प्रयोग किया। उनके पास से दो मोबाइल, दो आधार कार्ड, 33 हजार रुपये बरामद किए गए। मामले में एसआई योगेश कुमार की तहरीर पर धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और 14 विदेशी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों युवतियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
किसने दिए आधार कार्ड
सीओ सदर ने बताया कि युवतियों ने आईडी के रूप में जो आधार कार्ड दिए हैं, उनमें एक लायला खान के नाम पर है। इसमें पता अब्दुल्ला निवासी हरी नगर, आश्रम दक्षिण दिल्ली है, जबकि दूसरा डेनीज के नाम पर है। उसमें पता अब्दुल खलील निवासी किशन नगर, बसंत कुंज, दक्षिण पश्चिम दिल्ली लिखा हुआ है। आधार कार्ड के जो फोटो हैं, वह स्पष्ट नजर नहीं आ रहे हैं। ऐसे में पुलिस को आशंका है आधार कार्ड फर्जी तरीके से तैयार किए गए हैं। पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपी ने आधार कार्ड मिलने के बारे में जानकारी नहीं दी।
दिल्ली में रहते हैं परिचित
पुलिस को पूछताछ में युवतियां पहले खुद को भारतीय बता रही थीं। इसके लिए आधार कार्ड भी दिखाए। जब उनसे कहा गया कि यह फर्जी हैं तब उन्होंने सच्चाई बताई। मोबाइल में पासपोर्ट दिखाया। तब पता चला कि दोनों उज्बेकिस्तान की रहने वाली हैं। उनके परिचित दिल्ली में रहते हैं। वह शनिवार को ही दिल्ली से आगरा ताजमहल देखने आने की बात कर रही हैं। वो यह नहीं बता सकी हैं कि भारत कब आई थीं, उनके परिचित कौन लोग हैं, एक युवती ने दिल्ली के युवक से शादी भी रचा रखी है। उसके पति को गिरफ्तारी की जानकारी भी दी गई है, लेकिन, वह थाने नहीं पहुंचा।