सीबीआई अफसर बन नौकरी के नाम पर करते थे ठगी, पुलिस ने दबोचे दो शातिर
कस्बा सहावर के सुदामापुरी निवासी अमन गुप्ता पुत्र धर्मेंद्र गुप्ता ने पुलिस को सूचना दी कि कस्बे में दो व्यक्ति सीबीआई के फर्जी अधिकारी बन ठगी करते हैं। थाना प्रभारी कोमल सिंह ने सूचना पर बताए गए नाम पते के आधार पर शातिरों की तलाश की।
अमन गुप्ता के जरिए गिरफ्तारी का जाल बिछाया गया। पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से अमन को रुपये लेकर शातिरों के पास भेजा। सोमवार सुबह सहावर के चाड़ी रोड पर शातिर नौकरी के नाम पर अमन से रुपये ले रहे थे। इसी वक्त पुलिस दोनों शातिरों को गिरफ्तार कर लिया।
कर चुके हैं लाखों रुपए की ठगी
आरोपियों ने अपने नाम राहुल झा पुत्र प्रकाश झा निवासी अहमदपुर, जिला फरीदाबाद हरियाणा एवं शिव प्रताप पुत्र शैलेंद्र निवासी राजनुहां, जिला संत कबीर नगर बताए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सीबीआई के दो फर्जी परिचय पत्र, चार आधार कार्ड और एक बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है।
ये शातिर नौकरी के नाम पर लाखों रुपये की ठगी कर चुके हैं। पुलिस इन जालसाजों से पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी कोमल सिंह ने बताया कि उपनिरीक्षक गिरीश, आरक्षी लाल बहादुर, विनीत, राजेश, रामवीर, वेदप्रकाश ने पुलिस टीम के साथ इन शातिरों को गिरफ्तार किया है।
एसपी अशोक कुमार शुक्ल ने बताया कि पुलिस ने फर्जी सीबीआई अधिकारी बन ठगी करने वाले शातिरों को गिरफ्तार किया है। इन शातिरों ने लाखों रुपये की ठगी है। अमन गुप्ता से यह शातिर चार लाख रुपये पूर्व में ले चुके हैं और दो लाख रुपये लेते हुए पुलिस ने दोनों रंगे हाथों पकड़ लिया।