पीएमओ ने शुरू की आगरा मेट्रो प्रोजेक्ट की निगरानी, कार्य की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) से आगरा मेट्रो प्रोजेक्ट की निगरानी शुरू हो गई है। बुधवार को दिल्ली में हुई बैठक में उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) अधिकारियों से प्रगति पूछी गई। कार्य की रफ्तार बढ़ाने और प्रोजेक्ट को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
सात दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगरा मेट्रो रेल परियोजना का शिलान्यास किया था। इसके बाद बुधवार को पीएमओ ने पहली बार प्रगति की समीक्षा की। यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक कुमार केशव मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि प्रोजेक्ट पर तीन जगह काम शुरू हो गया है।
एक तरफ फतेहाबाद रोड पर तीन मेट्रो स्टेशन निर्माण के लिए पाइलिंग (स्तूप) बनाए जा रहे हैं, दूसरी तरफ पीएसी मैदान में डिपो निर्माण चल रहा है। तीसरी तरफ एत्मादपुर में कास्टिंग यार्ड तैयार है। यहां जमीन को समतल किया जा रहा है। पीएमओ यूपीएमआरसी को आगरा प्रोजेक्ट को मासिक समीक्षा में शामिल करने के निर्देश दिए हैं। इसकी हर माह प्रगति पूछी जाएगी।
देश के टॉप-50 प्रोजेक्ट में शामिल
यूपीएमआरसी के मुताबिक पीएमओ कार्यालय से देशभर के 50 महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट की मासिक समीक्षा व निगरानी की जाती है। इसमें आगरा मेट्रो परियोजना भी शामिल है। इसका शिलान्यास पीएम ने किया था, इसलिए प्रोजेक्ट को लेकर पीएमओ निगरानी कर रहा है।
20 पाइल तैयार, नए साल में खड़े होंगे पिलर
फतेहाबाद रोड पर टीडीआई मॉल के सामने ताज पूर्वी मेट्रो स्टेशन बनेगा। गुरुवार तक 20 पाइल तैयार हो गए हैं। छह पाइल पर एक पिलर खड़ा होगा। यूपीएमआरसी अधिकारी ने बताया कि जनवरी में 50 पाइल का काम पूरा होते ही पिलर खड़े करने का काम शुरू हो जाएगा। पाइलिंग कैंप का निर्माण कास्टिंग यार्ड में होगा। जबकि पिलर का निर्माण साइट पर किया जाएगा।
लखनऊ-कानुपर से आएंगी टीमें
आगरा मेट्रो परियोजना को रफ्तार देने के लिए कानपुर और लखनऊ से यूपीएमआरसी की टीमें नए साल पर आगरा में डेरा डाल लेंगी। इसके निर्देश भी पीएमओ से मिले हैं। यूपीएमआरसी अधिकारियों पर काम समय से पूरा करने का दबाव है। ऐसे में एक्सपर्ट टीमों के अलावा बढ़ी संख्या में लेबर व मशीनें बढ़ाई जा सकती हैं।