कासगंज। दो दिन के बाद निकली धूप के बाद भी ठंड से लोग कांपते नजर आए। दिन भर सर्द हवाएं चलने से ठंड के तेवर तल्ख बने रहे। धूप हल्की होने से लोगों को राहत नहीं मिल सकी। अधिकतम पारा 16 डिग्री तक ही चढ़ सका। सोमवार को वातावरण में हल्की धुंध व बादल छाए रहे, जिससे सूर्यदेव के दर्शन देने के बाद भी धूप हल्की रही। सुबह से ही शीतल हवाएं चलने लगी।
सुबह के समय पिछले चार दिनों बाद पारे में कुछ सुधार आया, जिससे न्यूनतम पारा 8 डिग्री तक पहुंच गया, लेकिन धूप में तल्खी न होने से दिन का पारा अधिक ऊपर नहीं जा सका। दोपहर 2 बजे अधिकतम पारा 16 डिग्री तक पहुंचा। धूप निकलने पर लोगों ने ठंड से बचने के लिए घरों की छतों, पार्कों आदि स्थानों पर बैठकर ठंड से राहत पाने की कोशिश की, लेकिन राहत नहीं मिली। दोपहर 3 बजे से पारे में फिर से गिरावट आने लगी। शाम ढलते ढलते पारा काफी नीचे आ गया और फिर रात को मौसम में काफी ठंडक बढ़ गई।