आगरा: युवक की मौत पर पोस्टमार्टम हाउस पर हंगामा, गाड़ियों में मिली पेट्रोल से भरी बोतल और बेसबॉल बैट, चार युवक पकड़े
पुलिस ने लोगों को भड़काने के आरोप में चार युवकों को पकड़ा है। इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के फतेहपुर सीकरी के गांव दूरा में शनिवार को युवक सुनील का शव फंदे पर लटका मिला था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। रविवार को पोस्टमार्टम हाउस पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। हंगामा होने लगा। इसकी जानकारी पर एसपी देहात सत्यजीत गुप्ता और सीओ अछनेरा महेश कुमार सहित पुलिस फोर्स पहुंच गई। हंगामा करने व लोगों को भड़काने वाले चार युवकों को हिरासत में ले लिया गया। कुछ गाड़ियों से पेट्रोल से भरी बोतल और बेसबॉल बैट बरामद हुए। इस पर थाना एमएम गेट में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी है।
गांव दूरा निवासी बोलेरो चालक सुनील का शव शनिवार को तेहरामोरी के पास गोठरा मार्ग स्थित राजकीय उद्यान में लटका मिला था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया था। बड़ी संख्या में जुटे लोगों ने हंगामा किया था। पुलिस ने किसी तरह शव को कब्जे में लिया था। मामले में बने सिंह और उनके बेटों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया था।
चिकित्सकों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम
रविवार को शव का पोस्टमार्टम होना था। परिजनों की मांग पर डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। इसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई। इसी दौरान पोस्टमार्टम हाउस पर बड़ी संख्या में लोग आ गए। उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया। जानकारी पर पुलिस फोर्स पहुंचा। इसके बाद ही लोग शांत हुए।
तीन संगठन के लोग आए थे
सीओ अछनेरा महेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम हाउस पर बसपा, भीम आर्मी और भीमसेना के कार्यकर्ता आए थे। कुछ युवकों ने माहौल खराब करने का प्रयास किया। वह लोगों को भड़काने का प्रयास करने लगे। इस पर चार युवकों को पकड़ लिया। इनमें देवेश बोध और रवि शामिल थे। वह भीमसेना से जुड़े बताए गए हैं। एक गाड़ी से पेट्रोल की बोतल और बेसबॉल बैट भी बरामद हुआ। इस पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का है इंतजार
सीओ अछनेरा ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया गया है। इसकी वीडियोग्राफी भी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज है। विवेचना कर कार्रवाई की जाएगी।