तेल चोरी के खेल: पुलिस कमिश्नर की जांच में हुआ बड़ा खुलासा, चौकी प्रभारी लाइन हाजिर
एत्मादपुर की छलेसर चौकी क्षेत्र में तेल चोरी का मामला पकड़ा गया था। इस मामले में थाना प्रभारी व अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच हो रही है।
विस्तार
आगरा के एत्मादपुर क्षेत्र की छलेसर चौकी क्षेत्र में पकड़ा गया तेल चोरी का खेल पुलिस की मिलीभगत से चल रहा था। पुलिस आयुक्त ने जांच कराई तो यह बात सामने आ गई। इससे मंगलवार को चौकी प्रभारी छलेसर राकेश चौहान को लाइन हाजिर कर दिया गया। थाना प्रभारी से लेकर अन्य पुलिस कर्मियों की भूमिका की भी जांच कराई जा रही है।
एत्मादपुर में बेस्ट प्राइज के पीछे गोदाम में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) के टैंकर से तेल चोरी की शिकायत पुलिस आयुक्त को मिली थी। 9 फरवरी को एसीपी कोतवाली सुकन्या शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापा मारा था। 13 लोग पकड़े गए थे। एक टैंकर, 30 लीटर डीजल, आठ बाइक, 20 खाली ड्रम, पाइप और नापने वाला लीटर बरामद किए थे। मामले में छलेसर चौकी पुलिस की संलिप्तता की जानकारी मिली थी। इस पर गोपनीय रूप से जांच की गई।
पुलिस आयुक्त डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने बताया कि जांच में पुलिसकर्मियों की संलितप्ता की पुष्टि हुई है। चौकी प्रभारी राकेश चौहान को लाइन हाजिर किया गया है। अभी जांच पूरी नहीं हुई है। उनके खिलाफ रिपोर्ट मिलने पर निलंबन की भी कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी निरीक्षक की भी जांच
पुलिस आयुक्त ने बताया कि थाना प्रभारी निरीक्षक सर्वेश कुमार से लेकर अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच कराई जा रही है। जांच डीसीपी पश्चिमी जोन सोनम कुमार को सौंपी गई है। उनसे जल्द रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है। चौकी प्रभारी पर लगे आरोप की प्राथमिक जांच में पुष्टि हुई है। उनके खिलाफ निलंबन की भी कार्रवाई हो सकती है।