नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्राली से कुचलकर बच्चे की मौत, सिर के ऊपर से निकल गए पहिए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वृंदावन की गौरा नगर कालोनी में नगर निगम की बेकाबू ट्रैक्टर ट्रॉली ने एक बच्चे को कुचल दिया। अस्पताल पहुंचते ही उसकी मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने ट्रैक्टर ट्रॉली में तोड़फोड़ कर जाम लगा दिया।
सूचना के बाद घटनास्थल पर पहुंचे दरोगा लोगों का गुस्सा देख मौके से निकल गए। बाद में पुलिस और प्रशासनिक अफसरों ने लोगों को समझा बुझाकर किसी तरह जाम खुलवाया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गौरा नगर कालोनी निवासी महेंद्र सिंह तौमर का 12 वर्षीय बेटा अंकुर शुक्रवार की दोपहर अपने घर के पास खड़ा था। तभी परिक्रमा मार्ग की ओर से आ रहे नगर निगम की दो ट्रैक्टर ट्राली आमने-सामने आ गए।
सिर के ऊपर से निकल गए पहिए
इसी बीच नगर निगम का ही एक और ट्रैक्टर हैजा अस्पताल की ओर से उसी रास्ते पर आ गया। नगर निगम के कर्मचारी आगे-पीछे होकर जल्दबाजी में ट्रैक्टर और ट्राली को सड़क से निकालने का प्रयास कर रहे थे।
तभी एक ट्रैक्टर ट्राली पड़ोसी के मकान के पास खड़े अंकुर पर चढ़ गया। यह देख लोग दौड़े तो तीनों ट्रैक्टर चालक भाग निकले। आनन-फानन लोग गंभीर रूप से घायल अंकुर को नयति अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई।
लोगों के अनुसार ट्रैक्टर के दोनों पहिए अंकुर के सिर के ऊपर से गुजर गए थे। बच्चे की मौत से गुस्साए लोगों ने पुलिस को सूचित किया, लेकिन घटना के घंटों बाद मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी की कार्यप्रणाली से लोग और भड़क गए।
ट्रैक्टर ट्राली में तोड़फोड़
उधर, लोगों को भड़का देख एसपी सिटी श्रवण कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट मनोज सिंह, सीओ सदर रमेशचंद कई थानों का फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए और लोगों को समझाकर किसी तरह जाम खुलवाया।
मामले में मृतक के चाचा बादाम सिंह ने नगर निगम के ट्रैक्टर चालक राधेश्याम निवासी सेमरी थाना छाता के साथ ठेकेदार विजय अग्रवाल के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं, नगर निगम में बैठे एक भी अधिकारी ने मौके पर पहुंचना भी मुनासिब नहीं समझा।
पूर्व में हुईं घटनाएं
- 23 अगस्त 2016 ट्रैक्टर ट्राली ने स्कूल वैन को टक्कर मारी 1 बच्ची की मौत 6 बच्चे घायल।
- 02 जनवरी 2019 मथुरा मार्ग पर ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मारी, युवक की मौत।