Agra: सुलहकुल की नगरी में अमन-चैन, पुलिस की मुस्तैदी काम आई, मिश्रित आबादी में तैनात रहा फोर्स
आगरा जिले को 12 जोन और 67 सेक्टरों में बांटा गया। संवेदनशील इलाकों में पिकेट लगाई गई। सोशल मीडिया पर भी नजर रखी गई। एसएसपी ने शहर में पैदल मार्च किया।
विस्तार
सुलहकुल की नगरी में शुक्रवार को शाही जामा मस्जिद समेत अन्य मस्जिदों में नमाज अदा कर मुल्क में अमन चैन की दुआ मांगी गई। मुस्लिम संगठनों के पदाधिकारी और मुअज्जिज लोग बृहस्पतिवार शाम से ही लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहे थे। पुलिस ने जिले में सेक्टर स्कीम लागू की गई थी। जगह-जगह पुलिस और पीएसी तैनात रही। एसएसपी सहित पुलिस अधिकारियों ने सुबह से ही पैदल गश्त की, जिससे ताजनगरी में अमन की रवायत कायम रही।
आगरा में जुमे की नमाज को लेकर पुलिस ने सेक्टर स्कीम लागू की थी। जिले को 12 जोन और 67 सेक्टरों में बांटा गया था। संवेदनशील इलाकों में पिकेट लगाई गई थी। सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही थी। शुक्रवार को सुबह सात बजे से ही एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने पैदल गश्त शुरू कर दी। मंटोला इलाके में सीओ छत्ता सुकन्या शर्मा के साथ भ्रमण किया।
इन मस्जिदों में अदा की गई नमाज
चिम्मन पूड़ी चौराहे पर जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह, एसएसपी सुधीर कुमार सिंह समेत पुलिस प्रशासनिक अफसरों ने समाज के मुअज्जिज लोगों के साथ अमन कायम रखने की बात कही। दोपहर डेढ़ बजे शाही जामा मस्जिद में शाही इमाम इरफान उल्ला खां निजामी ने नमाज अदा कराने के बाद मुल्क में अमन कायम रखने और मुल्क और कौम की तरक्की, खुशहाली की दुआ मांगी। लोहामंडी, वजीरपुरा, शहीद नगर, सराय ख्वाजा, टेढ़ी बगिया, इस्लाम नगर, पक्की सराय, ताजगंज आदि सभी मस्जिदों में भी कड़ी सुरक्षा के बीच नमाज अदा की गई।
सोशल मीडिया के संदेशों पर नजर
जुमे की नमाज के दौरान सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए जिला और जोन साइबर सेल को लगाया गया था। कुछ संदेश वायरल हुए थे, लेकिन पुलिस की जांच में यह संदेश आगरा और आसपास के जिलों के नहीं निकले। ये फर्जी थे। पुलिस के पैदल मार्च के फोटो सोशल मीडिया पर डाले गए। इससे लोगों को सुरक्षा-व्यवस्था पुख्ता होने का संदेश दिया गया।
भड़काऊ संदेश पर होगी कार्रवाई
एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि सेक्टर स्कीम लागू की गई थी। सोशल मीडिया पर भी नजर रखी गई। इस पर कौन क्या संदेश डाल रहा है, इसकी निगरानी की जा रही है। भड़काऊ संदेश डालने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। माहौल खराब करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
मस्जिद के बाहर डटे रहे मुअज्जिज लोग
जामा मस्जिद में शांतिपूर्ण ढंग से नमाज अदा कराने के लिए हाजी जमीलउद्दीन कुरैशी, हाजी असलम कुरैशी, अमजद कुरैशी, नदीम नूर, हाजी बिलाल, अनवार पहलवान, अदनान कुरैशी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
ताजनगरी की रवायत है भाईचारा
हिंदुस्तानी बिरादरी के अध्यक्ष डॉ. सिराज कुरैशी ने कहा कि ताजनगरी सुलहकुल की मिसाल पेश करती रही है। कानून अपना काम कर रहा है। ऐसे में विरोध-प्रदर्शन करके माहौल बिगाड़ने से कुछ हासिल नहीं होने वाला है।
सभी लोग संयम से काम लें
मोहम्मद शरीफ काले ने कहा कि भ्रामक संदेशों को देखते हुए हम लोगों को लगातार समझा रहे थे कि सोशल मीडिया पर बिल्कुल ध्यान नहीं दें, समझदारी से काम लें। जुमे की नमाज के बाद भी सभी को संयम बरतने की सलाह दी गई।