Mainpuri: छेड़छाड़ के आरोपी की गोली मारकर हत्या, सात आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज
युवक के अपने घर के दरवाजे पर खड़ा था, तभी हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया। गोलियां दागीं। एक गोली उसके पेट में जाकर लगी, जिससे उसकी मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मैनपुरी के एक गांव में रविवार की देर रात नामजद लोगों ने छेड़छाड़ के एक आरोपी को गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। मृतक की पत्नी ने पांच नामजद सहित सात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी श्याम पाल उर्फ सौरभ (26) रविवार की देर रात घर के बाहर खड़ा हुआ था। तभी गांव निवासी बिजेंद्र सिंह, सुदेश सिंह, दिनेश सिंह, बलराम सिंह, आशीष सिंह दो अज्ञात लोगों के साथ वहां आ पहुंचे। उक्त सभी लोग हाथों में असलहा लिए हुए थे। उक्त लोगों ने गाली गलौज करते हुए श्याम पाल पर फायरिंग कर दी।
पेट में लगी थी गोली
एक गोली पेट में लगने के बाद वह घायल होकर जमीन पर गिर गया। आरोपी लगातार फायरिंग करते रहे, ग्रामीणों को एकत्र होता देख आरोपी वहां से भाग गए। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहां से मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया गया, इलाज के दौरान श्याम पाल की मौत हो गई।
श्याम पाल के विरुद्ध गांव की ही एक महिला से छेड़छाड़ का मामला दर्ज था। परिजन इसी को हत्या की वजह बता रहे हैं। मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पांच नामजद सहित सात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
प्रभारी एसपी राजेश कुमार ने बताया कि हत्या का कारण गांव की एक महिला से छेड़छाड़ बताया गया है। पुलिस सभी तथ्यों पर गहराई से जांच कर रही है, मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।