Etah Crime: लुटेरों ने पुलिस की नाक में किया दम, कोतवाली नगर के बाद देहात क्षेत्र में महिलाओं से लूटे आभूषण
जिले में दो घंटे में लूट की दो वारदातों के अंजाम देकर बदमाशों ने पुलिस को चकरघिन्नी बना दिया। एक घटना में तो लूट के दौरान बाइक से गिरकर महिला और बच्चा घायल हो गया। दोनों ही मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एटा में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बाइक सवार बदमाशों ने दो घंटों के अंतराल में लूट की दो घटनाओं को अंजाम दिया। कोतवाली नगर और कोतवाली देहात क्षेत्र में दिनदहाड़े सड़कों पर महिलाओं के आभूषण लूट लिए। एक घटना में महिला बच्चे सहित बाइक से गिर गई, दोनों घायल हो गए।
पहली घटना
कासगंज जनपद के ढोलना थाना क्षेत्र के गांव तवालपुर निवासी धर्मेंद्र कुमार ने मेडिकल कॉलेज में बताया उसकी 30 वर्षीय पत्नी गीता अपने भाई अनुराग के साथ मैनपुरी जनपद के गांव नगला धनी से बाइक से वापस आ रही थी। पुत्र दिव्यांश व पत्नी का भतीजा गोलू भी बाइक पर बैठा हुआ था। सुबह करीब 9 बजे बाइक कोतवाली देहात क्षेत्र के अंतर्गत एआरटीओ कार्यालय के पास पहुंची। इस दौरान बाइक सवार दो युवक आए और उन्होंने गीता के कानों की तरफ झपट्टा मारा। इससे गीता व दिव्यांश गिर गए। बदमाश गीता की सोने की चेन व कानों के कुंडल झपट ले गए। गिरने की वजह से घायल पत्नी व बच्चे को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। दिनदहाड़े लूट की सूचना पर मलावन और कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ितों से मामले की जानकारी ली।
यहां हुई दूसरी घटना
दूसरी ओर कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत सिविल लाइन चौकी क्षेत्र में सोमवार को लालपुर निवासी पूजा सुबह 11 बजे के करीब मंदिर से वापस घर जा रही थी। इस दौरान एक बाइक पर दो व्यक्ति आए और पूजा का मंगलसूत्र और सोने की जंजीर तोड़ ले गए। शोरशराबा होने पर वहां राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर कोतवाली नगर की पुलिस सहित सीओ सिटी कालू सिंह मौके पर जा पहुंचे। उन्होंने मामले की जानकारी कर पासपड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की।
खुलासे के लिए लगाई गईं 4 टीम
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उदय शंकर सिंह ने बताया कि कोतवाली नगर व कोतवाली देहात क्षेत्र में हुई लूट की घटनाओं के खुलासे के लिए चार टीमों को लगाया गया है। क्राइम ब्रांच की टीम भी लगाई गई है। उम्मीद है जल्द ही घटनाओं का खुलासा हो जाएगा।