मैनपुरी: कार सवारों ने सेल्समैन को बंधक बनाकर लूटा, विरोध पर पीटा, हाथ-पैर बांधकर रास्ते में फेंका
मैनपुरी के थाना बिछवां क्षेत्र में कार सवार बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने घर लौटे रहे सेल्समैन को बंधक बनाकर कार में डाला और उससे नकदी लूट ली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मैनपुरी के बिछवां क्षेत्र में हन्नूखेड़ा मार्ग पर शनिवार की रात अंग्रेजी शराब का ठेका बंद कर घर लौट रहे सेल्समैन को कार सवारों ने बंधक बना लिया। कार में डालने के बाद उसकी पिटाई की और नकदी लूट ली। इसके बाद सेल्समैन को रास्ते में फेंक कर फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद सीओ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शराब की दुकान से लौट रहा था सेल्समैन
बिछवां थाना क्षेत्र के गांव सिमरई निवासी अनिल चौहान कस्बा बिछवां स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर सेल्समैन है। शनिवार को रात करीब 10 बजे वह ठेका बंद करने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। बाइक जब गांव जैली मोड़ के पास पहुंची, तभी पीछे से आई इको कार ने ओवरटेक कर रोक लिया। अनिल जब तक कुछ समझ पाता, बदमाशों ने उसको पीटने के बाद गाड़ी में डाल लिया।
बंधक बनाकर रास्ते में भी उसकी पिटाई की गई। जेब में रखे 31300 रुपये लूट लिए। इसके बाद सुनसान जगह पर सेल्समैन को हाथ-पैर बांधने के बाद फेंक कर भाग गए। किसी तरह से हाथ पैर खोलने के बाद सेल्समैन गांव पहुंचा और वारदात की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
घटनास्थल पर मिला खून से सना अंगौछा
पुलिस ने बदमाशों की पिटाई से घायल सेल्समैन का मेडिकल कराया। सूचना मिलने के बाद सीओ भोगांव चंद्रकेश सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। मौके पर पुलिस को बाइक व खून से सना अंगौछा मिला। सीओ के अनुसार सेल्समैन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सेल्समैन को बंधक बनाकर लूट की वारदात के बाद पुलिस बदमाशों का सुराग तलाशने में जुट गई है। रविवार को पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। सीओ का कहना है कि जल्द ही घटना का सफल अनावरण कर अपराधियों को जेल भेजा जाएगा।