Agra: बाह में दिनदहाड़े गैस एजेंसी के मैनेजर से लूट, रुपयों से भरा बैग छीनकर बदमाश हुए फरार
आगरा के बाह में गैस एजेंसी के मैनेजर से एक लाख 90 हजार रुपये की लूट की घटना सामने आई है। दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के बाह क्षेत्र में बुधवार को बैंक में रकम जमा करने जा रहे गैस एजेंसी के मैनेजर से बाइक सवार बदमाशों ने 1.90 लाख रुपये लूट लिए। यमुना बीहड़ के रास्ते नोटों से भरा बैग लूटने के बाद बदमाश फिरोजाबाद की ओर भाग गए। लूट की सूचना पर एसएसपी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने वारदात के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की हैं।
बिजकौली रोड स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर रसका (अलीगढ़) के रहने वाले रिटायर्ड मेजर सुरेश चंद्र शर्मा मैनेजर के पद पर काम करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि बुधवार सुबह 10 बजे वह बिजकौली निवासी रामनरेश यादव के साथ बाइक से एसबीआई की बटेश्वर शाखा में 1.90 लाख रुपये जमा करने के लिए जा रहे थे। रकम एक बैग में रखी थी।
बदमाशों ने ओवरटेक कर गिराई बाइक
खाद-बटेश्वर मार्ग पर मनमथ तिराहे के पास पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर लात मार कर गिरा दिया। इसके बाद रुपयों से भरा बैग छीनकर फिरोजाबाद की ओर भाग निकले। लूट की सूचना पर एसएसपी सुधीर कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटना स्थल का मुआयना किया और पीड़ितों से मामले की जानकारी ली।
एसएसपी ने बताया कि खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की हैं। एक टीम एजेंसी से घटनास्थल और फिरोजाबाद के रास्ते के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। दूसरी टीम सर्विलांस से बदमाशों की सुरागरसी में जुटी है, जबकि तीसरी टीम फील्ड में दोनों टीमों के इनपुट पर बदमाशों की तलाश कर रही है।
हटाए गए कर्मियों पर शक
लूट की वारदात में पुलिस का शक गैस एजेंसी से हाल ही में हटाए गए कर्मचारियों पर है। एसएसपी ने बताया कि पुलिस उनकी लोकेशन ट्रेस कर रही है। दूसरे पहलुओं को भी ध्यान में रखकर पुलिस जांच कर बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश में है। कहीं रेकी कर वारदात को अंजाम तो नहीं दिया गया, इस एंगल से भी पुलिस मामले को देख रही है।
क्षेत्र में दहशत, श्रद्धालु भयभीत
बटेश्वर मंदिर के रास्ते पर हुई लूट की वारदात से क्षेत्र में दहशत है। बुधवार को भोलेनाथ के दर्शन पूजन के लिए पहुंचे श्रद्धालु लूट की घटना के बारे में जान कर भयभीत हो गए। लोगों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए खाद, मनमथ पर पुलिस पिकेट लगाने की मांग की। इससे पहले भी खाद और मनमथ के बीच लूट, छिनैती की घटनाएं राहगीरों के साथ हो चुकी हैं।