Kasganj News: सराफा कारोबारी के घर में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
आग की घटना उस वक्त हुई, जब सराफा कारोबारी परिवार सहित शादी समारोह में गया हुआ था। मोहल्ले के लोगों ने उनको सूचना दी। आग से घरेलू सामान, फर्नीचर, एसी, फ्रीज सहित अन्य सामान जल गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कासगंज के पुरानी आबादी वाले गली मिट्ठूलाल क्षेत्र में शुक्रवार की रात सराफा कारोबारी के बंद मकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग की घटना से मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई। आग में इलेक्ट्रानिक उपकरण, एसी, टीवी, वाशिंग मशीन सहित अन्य घरेलू सामान जल गया। घटना उस वक्त हुई, जब परिवार के लोग शादी समारोह में गए थे।
अग्निकांड की घटना गली मिट्ठूलाल के सराफा कारोबारी अभिनव गहलौत के घर हुई। बताया गया कि अभिनव अपने परिवार के साथ शहर के कन्हैया लाल मैरिज होम में विवाह समारोह में गए था। घर बंद था। इसी बीच शॉर्ट सर्किट से घर के अंदर जाने वाली मेन लाइन में आग लग गई। यह मेन लाइन घर के जंगले से होकर जाती है। जैसे ही आग तेज हुई तो कमरे का सामान लपटों के साथ जलने लगा। घर के जंगले से बाहर लपटें निकलने लगीं।
रात 12 बजे बुझाई जा सकी आग
मकान में रहने वाले किरायेदारों और आसपास के लोगों ने जब आग देखी तो शोर मचा दिया। मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर आ गई। अभिनव को भी फोन कर सूचना दी गई। अभिनव और परिवार के लोग घर वापस आ गए। तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। रात साढ़े 10 बजे से पहले लगी आग को दमकलकर्मियों ने 12 बजे तक कड़ी मशक्कत के बाद बुझाया।
आग में काफी सामान जला
आग में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और वायरिंग जलने के कारण काफी तीव्र दुर्गंध उठ रही थी। धुआं छंटने के बाद लोगों ने घर में प्रवेश किया तो काफी सामान जला पाया। वाशिंग मशीन, एसी, दरवाजे, खिड़की, फर्नीचर व अन्य घरेलू सामान जल गया। इनकी कीमत 4 लाख रुपये से अधिक बताई गई।
सीएफओ आनंद रजनीश ने बताया कि गली मिट्ठू लाल में आग लगने की सूचना मिली। तत्काल आग पर काबू करने के लिए दमकलकर्मियों को दमकल के साथ भेजा गया। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया और आग को पूरे घर में फैलने से रोक लिया। शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी।