Agra: बालूगंज बाजार में ऑटो पार्ट्स की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों रुपये का सामान जला
जिस दुकान में आग लगी, वह बालूगंज बाजार में स्थित है। घटना से बाजार में अफरातफरी मच गई। फायर ब्रिगेड ने दो घंटे में आग पर काबू पाया।
विस्तार
बालूगंज में सोमवार तड़के डालचंद की ऑटो पार्ट्स की दुकान में आग लग गई। दुकान के ऊपर ही पहली मंजिल पर व्यवसायी का घर है। आग में फंसे परिजन को लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दमकलों ने करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया। शॉर्ट सर्किट आग लगने की आशंका है। पुलिस जांच में जुटी है।
यहां का है मामला
बालूगंज निवासी डालचंद जैन की बाजार में बजाज स्पेयर्स पार्ट्स के नाम से दुकान है। दुकान की पहली मंजिल पर ही उनका घर भी है। इसमें डालचंद की पत्नी गुड्डन, बेटा मयंक और बहू रहते हैं। सोमवार सुबह 7:30 बजे डालचंद नहाने जा रहे थे। उस समय परिवार के अन्य सदस्य सो रहे थे। उन्होंने दुकान से धुआं निकलता देखा। उन्हाेंने शोर मचाया तो आसपास के लोग आ गए। उन्होंने डालचंद और मयंक को भूतल से निकाल लिया, जबकि गुड्डन बहू के साथ पड़ोसी की छत पर पहुंच गई।
कुछ ही देर में दुकान से लपटें निकलने लगीं। यह देखकर आसपास के दुकानदार आ गए। उन्होंने पानी डालना शुरू कर दिया। सूचना पर थाना रकाबगंज एसओ राकेश सिंह और दमकलें पहुंच गईं। दो घंटे में आग पर काबू पाया जा सका। डालचंद ने पुलिस को बताया कि आग शॉर्ट-सर्किट से आग लगने की आशंका है। दुकान और गोदाम में लाखों के स्पेयर्स पार्ट्स जल गए।
फिजियोथेरेपिस्ट की हो गई थी मौत
बालूगंज में ही वरिष्ठ अधिवक्ता गया प्रसाद दीक्षित के घर में 21 मई की रात को आग लगी थी। घर में धुआं भरने से गया प्रसाद दीक्षित के बेटे फिजियोथेरेपिस्ट आशीष, बहू और बच्चे फंस गए थे। इसमें आशीष की जान चली गई थी। तीन साल पहले सदर क्षेत्र में दुकान में आग लगने से दुकानदार का परिवार पहली मंजिल पर घर में फंस गया था। तब भी एक की मौत हुई थी।