आगरा: शादी के साढे़ चार महीने बाद फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज
युवती की शादी 11 दिसंबर 2021 को औरैया के नियामतपुर निवासी युवक से हुई थी। शादी के बाद पति-पत्नी आगरा में किराये पर रहते थे। शनिवार रात को विवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। उसका पति अस्पताल में भर्ती है। बताया गया है कि उसने विषाक्त पदार्थ खाया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के कालिंदी विहार में विवाहिता रुचि (19) का शव शनिवार रात को घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। वह पति के साथ किराये के मकान में रह रही थी। उसकी शादी को साढ़े चार महीने ही हुए थे। मायका पक्ष ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
बांदा स्थित गांव चहितारा निवासी राजेश शर्मा किसान हैं। उनके बेटे विकास ने बताया बहन रुचि की शादी 11 दिसंबर 2021 को औरैया स्थित नियामतपुर निवासी बृजमोहन उर्फ विवेक शर्मा से की थी। विवेक एक कंपनी में नौकरी करता है। आरोप है कि शादी के बाद ही ससुराली रुचि को परेशान कर रहे थे।
दहेज में कार की मांग करते थे। इसको लेकर परिवार के लोगों ने पंचायत भी की, लेकिन उन्होंने मांग करना बंद नहीं किया। शादी के कुछ महीने बाद विवेक रुचि को कालिंदी विहार स्थित अपनी बहन वंदना के घर ले आया था। एक महीने से किराये पर मकान में रह रहा था।
बाहर से बंद था घर का दरवाजा
चार मई को विकास बहन को लेने आया था। मगर, विवेक ने मायके भेजने से मना कर दिया। शनिवार रात को एक बार फिर विकास बहन के घर गया। मगर, घर के गेट का बाहर से ताला लगा था। उन्होंने मकान मालिक की मदद से ताला खोला। अंदर कमरे में पंखे से बने फांसी के फंदे पर रुचि लटकी हुई थी।इस पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले में मृतका की मां गोमती की तहरीर पर पति बृजमोहन उर्फ विवेक, ससुर विनोद कुमार, ननद वंदना और ननदोई पवन शर्मा के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
थाना एत्माद्दौला के प्रभारी निरीक्षक सत्यदेव शर्मा के मुताबिक, विवाहिता फंदे पर लटकी मिली थी। पति भी एक अस्पताल में भर्ती है। उसके विषाक्त पदार्थ सेवन की बात कही जा रही है। विवेचना की जा रही है।
परिवार में मचा कोहराम
बेटी की मौत की खबर पर मां और भाई सहित परिवार के अन्य लोग आगरा आए थे। वह एक ही बात कह रहे थे कि किस घड़ी में बेटी की शादी की थी। मां गोमती को परिवार के लोग किसी तरह संभाल रहे थे। विकास ने आरोप लगाया कि बहन रुचि को पति ने कभी खुश नहीं रखा। उसे मोबाइल पर बात नहीं करने देता था। मोबाइल पर इनकमिंग ही होती थी, जब वो कॉल करते थे तो बात नहीं कराता था।
रुचि इंटर पास थी, जबकि विवेक शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहा था। मगर, उसका चयन नहीं हो सका था। जिस पंखे से फंदे पर रुचि लटकी थी, उसके नीचे चढ़ने के लिए दो स्टील की टंकी रखी थी। ऐसे में परिजनों ने उसकी हत्या कर शव लटकाने की आशंका जाहिर की। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।