हादसों ने छीनीं रक्षाबंधन की खुशियां: आगरा में घर आ रहे भाई की मौत, टूंडला में बहन की गई जान
फिरोजाबाद के टूंडला और राजस्थान में हुए सड़क हादसों ने आगरा के दो परिवारों की खुशियां छीन लीं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रक्षाबंधन पर भरतपुर से घर आ रहे आगरा के फतेहपुर सीकरी चार हिस्सा निवासी युवक की सेवर (राजस्थान) में सड़क हादसे में मौत हो गई। रक्षाबंधन की सुबह जैसे ही इसकी जानकारी मिली, घर में कोहराम मच गया। बहनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उधर, फिरोजाबाद के टूंडला में सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। वह अपने भाई को राखी बांधने जा रही थी।
परिजनों के मुताबिक भंवर सिंह राजगीर था। वह अपनी ससुराल बयाना, भरतपुर काम करने गया था। रक्षाबंधन पर बहनों से राखी बंधवाने के लिए रविवार की भोर वह बाइक से घर आ रहा था। सेवर (भरतपुर) के समीप उसकी बाइक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में भंवर सिंह की गंभीररूप से घायल हो गया।
पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के बाद भंवर सिंह की सांसें थम गईं। हादसे में मौत की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली कोहराम मच गया। भंवर सिंह की दो बहनें हैं। रक्षाबंधन पर भाई का इंतजार कर रही दोनों बहनों की इस हादसे की खबर से रो-रोकर हालत खराब है। दोनों यही कह कर बिलख रही थी, कि अब किसी राखी बांधेंगी।
फिरोजाबाद में महिला की मौत
फिरोजाबाद के टूंडला में रक्षाबंधन पर भाई के रक्षासूत्र बांधने आ रही बहन हजरतपुर के निकट बस से उतरकर हाईवे पार करते समय कार की चपेट में आ गई। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
आगरा के थाना कागारौल अंतर्गत गांव भोजपुर निवासी कमलेश (65) पत्नी करन सिंह रविवार सुबह थाना टूंडला के गांव गढ़ी जाफर स्थित मायके अपने भाई नरेंद्र सिंह को राखी बांधने आ रही थी। वह बस से गांव के सामने हजरतपुर के पास उतरी।
इसके बाद वह अपने भाई के घर जाने के लिए हाईवे को पार कर रही थी। तभी आगरा की ओर से आई कार ने महिला को रौंद दिया और महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सूचना पाकर मायका पक्ष और ससुरालीजन भी पहुंच गए। थाना प्रभारी विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि हादसे के बाद दुर्घटना करने वाला चालक वाहन सहित भाग गया। मामले में कमलेश के भाई नरेंद्र सिंह निवासी गढ़ी जाफर की तहरीर पर अज्ञात चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई हैं।