UP News: इस शहर में तोड़ दिए गए कांग्रेस कार्यालय के ताले, जांच में जुटी पुलिस
शहर के बीचोंबीच स्थित कांग्रेस कार्यालय के ताले टूटने से कांग्रेसियों में आक्रोश है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं, साथ ही जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग भी की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के एटा जिले में चोरों ने दुस्साहस दिखाते हुए धान मिल वाली गली स्थित कांग्रेस के जिला कार्यालय का ताला बृहस्पतिवार रात तोड़ दिया। अंदर रखा सामान खंगाला। हालांकि कोई कीमती चीज न मिलने पर कुछ लेकर नहीं गए, लेकिन शहर के बीचोंबीच और एक प्रमुख पार्टी के कार्यालय में हुई इस घटना को लेकर कांग्रेसियों में रोष है।
दो दिन से नहीं खुला था कार्यालय
कांग्रेस का जिला कार्यालय जैननगर के पास पुरानी धान मिल वाली गली में बना हुआ है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष गंगासहाय लोधी के मुताबिक रोजाना ही कार्यालय खुलता है और इसमें पार्टी संबंधी बैठकें आदि होती रहती हैं। वहीं दिल्ली में बैठक की वजह से दो दिन से कार्यालय नहीं खुला था। शुक्रवार सुबह जानकारी मिली कि मेन गेट का ताला टूटा हुआ पड़ा है। सूचना पर वहां पहुंचे तो अंदर सामान बिखरा हुआ था। चोरों ने वहां अलमारियों, रैकों को खंगाला था। महापुरुषों की तस्वीरों को निकालकर बाहर डाल दिया था। कागजात आदि उलट-पुलट कर दिए।
कुछ नहीं हुआ चोरी
बताया कि कार्यालय में कोई ऐसा कीमती सामान नहीं रहता है जो चोरों के मतलब का हो। संभवत: इसीलिए चोर कुछ लेकर नहीं गए। पुलिस को सूचना दी गई। कोतवाली नगर से आए पुलिसकर्मियों ने मुआयना किया। इसके बाद थाने में एक लिखित सूचना भी दी गई है। उन्होंने कहा कि यह काम अराजक तत्वों का है, लेकिन शहर के बीच और एक पार्टी कार्यालय पर ऐसा होना कानून व्यवस्था के लिए भी चुनौती है।
पुलिस ने शुरू की जांच
इस दौरान जिलाध्यक्ष के अलावा जिला उपाध्यक्ष रामकुमार सक्सेना, कार्यालय प्रभारी विनीत पाराशर बाल्मीकि, शहर अध्यक्ष गीतम सिंह वर्मा, अरविंद कश्यप आदि पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंच गए। जिन्होंने अस्त-व्यस्त पड़े कार्यालय की साफ-सफाई कर व्यवस्थित किया। कोतवाली नगर प्रभारी सुनील श्रीवास्तव ने बताया कि कांग्रेस कार्यालय में ताला तोड़े जाने की सूचना दी गई थी। जिस पर वहां पहुंचकर पड़ताल की गई। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।