मथुरा में गोमाता से अनूठा प्रेम: आश्रम से गाय और बछिया चोरी होने पर काठिया बाबा ने त्यागा अन्न-जल
कोसीकलां के गांव मडोरा स्थित आश्रम से गाय और बछिया चोरी हो गई तो कठिया बाबा व्याकुल हो गए। उन्होंने 23 मार्च से भूख हड़ताल शुरू कर दी।
विस्तार
कान्हा के ब्रज में घर-घर गोसेवा होती है। मंदिरों से लेकर आश्रम तक गायें दिखने को मिल जाएंगी। यहां गायों के प्रति अनूठा प्रेम देखने को मिलता है। गोमाता से प्रेम ऐसा कि अगर गाय को कुछ हो जाए तो गोपालक व्याकुल हो जाता है। थाना कोसीकलां के गांव मडोरा में इसी तरह का मामला सामने आया है।
यहां स्थित पंचवीर आश्रम से एक दुधारू सुरभि गाय को उसकी बछिया समेत चोरी कर लिया गया। जिससे आश्रम के महंत काठिया बाबा जगदेव दास व्याकुल हो गए। गाय की चोरी को लेकर उत्तर प्रदेश एवं हरियाणा के ग्रामीणों में कई पंचायत के बाद कोई निर्णय नहीं हुआ तो महंत काठिया बाबा ने अन्न-जल त्याग कर आमरण अनशन शुरू कर दिया। वह 23 मार्च से अनशन पर बैठे हैं। हालांकि अब तक गाय और बछिया का पता नहीं चला है।
25 मार्च को चोरी हो गई थी गाय और बछिया
आश्रम के महंत जगदेव दास का आरोप है कि 20 मार्च को ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग स्थित मेवात के नई गांव एवं यूपी के मंडोरा के समीप स्थित पंचवीर आश्रम से दूसरे समुदाय के लोग दुधारू सुरभि गाय को सहित बछिया चुरा ले गए। जिसके बाद पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई। इस मामले में दोनों गांव के लोगों ने कई बार पंचायत की, लेकिन कोई गाय को कोई पता नहीं चला।
गाय की तलाश में जुटी पुलिस
जब कोई निर्णय नहीं हुआ तो काठिया बाबा जगदेव दास ने अन्न-जल त्याग आमरण अनशन शुरू कर दिया। ग्रामीण महंत को हर संभव मदद का भरोसा देकर अन्न-जल ग्रहण करने को मनाने में जुटे हैं, लेकिन महंत ने गाय की बरामदगी होने तक अन्न जल त्यागने की ठान ली है। शनिवार को महंत की तबियत भी बिगड़ गई। पुलिस का दावा है कि बाबा को समझाकर भोजन कराया और गाय जल्द ढूंढने का आश्वासन दिया। कोसीकलां थाना प्रभारी निरीक्षक संजय त्यागी ने बताया कि गाय एवं बछिया की खोज में पुलिस टीम लगी हुई है।