इंडिया ज्वेलरी एक्सपो: सोने का रथ...चांदी का टेसू, पायलों की धूम; रसोई से लेकर ड्राइंग रूम तक चांदी के सामान
आगरा में इंडिया ज्वेलरी एक्सपो का शुभारंभ हुआ। इसमें सोने का रथ...चांदी का टेसू प्रदर्शित किया गया। इसमें पायलों की धूम रही। रसोई से लेकर ड्राइंग रूम तक चांदी के सामान उपलब्ध रहे।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के आगरा में रविवार को ज्वेलरी एक्सपो का शुभारंभ हुआ। इसमें सोने का रथ। चांदी का टेसू। ब्रेसलेट, चेन से लेकर बर्तन व चांदी की पायलों से जगमगाते स्टॉल। ये नजारा था रविवार को फतेहाबाद रोड स्थित राज देवम का। यहां ऑल इंडिया ज्वैलरी एक्सपो-2023 का उद्घाटन हुआ। देशभर से आए 92 कारोबारियों ने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई। जिसे देखने के लिए दिनभर सराफा कारोबारियों की भीड़ उमड़ती रही।
विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे ने दीप प्रज्ज्वलित कर एक्सपो का शुभारंभ किया। 12 सितंबर तक चलने वाले इस एक्सपो में 20 ग्राम से लेकर 11.50 किलो वजनी चांदी की पायलें हैं। विकास वर्मा ने महाभारत से प्रेरित होकर 4.50 किलो सोने का रथ बनाया। इसमें बेशकीमती हीरे, जवाहरात लगे हुए थे। सारांश अग्रवाल ने 7.50 किलो की पायल प्रदर्शित की। जो दिन में तीन बार डिजाइन बदलती है।
यह भी पढ़ेंः- तलाकशुदा महिला से हैवानियत: बंधक बनाकर लूटी आबरू, बोला-'मुंह खोला तो श्रद्धा की तरह 35 टुकड़े करके फेंक दूंगा'
एक्सपो में रसोई से लेकर ड्राइंग रूम तक चांदी के आइटम, गिफ्ट व आभूषणों की बड़ी रेंज दिखी। एमएलसी विजय शिवहरे ने कहा देश व प्रदेश बदल रहा है। आगरा सराफा एसोसिएशन अध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने कहा एक्सपो का उद्देश्य आगरा के चांदी व्यवसाय को प्रोत्साहित करना है।
महासचिव अशोक कुमार अग्रवाल ने कहा प्रदेशभर से सराफा कारोबारी एक्सपो में शामिल होने के लिए आ रहे हैं। आगरा सराफा मैन्युफेक्चर्स एसोसिएशन अध्यक्ष बृजमोहन रैपुरिया ने कहा कि एक छत के नीचे देशभर की कला व संस्कृति का आदान-प्रदान होता है।
यह भी पढ़ेंः- श्री बांके बिहारी मंदिर के पास फिर हादसा: धराशायी हो गई जर्जर भवन की दीवार, श्रद्धालुओं में दहशत का माहौल
ओडीओपी में शामिल हों चांदी उत्पाद
आगरा सराफा एसोसिएशन अध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट किया। आगरा के चांदी उत्पादों को ओडीओपी एक जनपद एक उत्पाद सूची में शामिल कराने की मांग रखी। पहले दिन एक्सपो में तीन हजार से अधिक सराफा कारोबारी पहुंचे।
एक्सपो में विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, मथुरा मेयर विनोद अग्रवाल, श्री सराफा कमेटी चेयरमैन धनकुमार जैन, मनीष मौर्य, मनोज वर्मा, राम भाई, मंगल सिंह, राजेश मित्तल, अंकुर गोयल, अशोक अंबा, मयंक जैन, संजय वर्मा आदि मौजूद रहे।