{"_id":"696c5540089349e0c4070f90","slug":"income-tax-raids-expose-100-crore-fake-supply-in-ghee-business-19-bank-lockers-sealed-2026-01-18","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"IT Raid: 100 करोड़ तो सिर्फ कागजों में...भोले बाबा ग्रुप पर अथाह संपत्ति, आयकर छापा तीसरे दिन भी जारी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
IT Raid: 100 करोड़ तो सिर्फ कागजों में...भोले बाबा ग्रुप पर अथाह संपत्ति, आयकर छापा तीसरे दिन भी जारी
Sun, 18 Jan 2026 09:06 AM IST
धीरेन्द्र सिंह
अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा
अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा
Published by: धीरेन्द्र सिंह
Updated Sun, 18 Jan 2026 09:06 AM IST
सार
भोले बाबा मिल्क फूड्स ग्रुप समेत पांच फर्मों के 35 ठिकानों पर तीसरे दिन भी आयकर छापा जारी है। जांच में अधिकारियों को विभिन्न बैंकों में 19 लॉकरों का पता चला है।
विज्ञापन
सूर्य नगर स्थित भोले बाबा डेयरी ग्रुप के आवास पर आयकर सर्वे।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
धौलपुर फ्रेश ब्रांड से घी बनाने वाले भोले बाबा मिल्क फूड्स ग्रुप समेत खाद्य उत्पाद क्षेत्र से जुड़े देशभर के पांच कारोबारियों की फर्मों पर आयकर की कार्रवाई तीसरे दिन भी जारी रही। आयकर अधिकारियों को करीब सौ करोड़ रुपये से ज्यादा के माल की सप्लाई और आपूर्ति से संबंधित फर्जी बिल मिले हैं। बही खाते अधूरे होने की वजह से भी करोड़ों रुपये की कर चोरी के साक्ष्य मिले हैं।
विज्ञापन
आयकर विभाग के सूत्रों ने बताया कि विभिन्न ठिकानों से मिले दस्तावेजों के जरिये 19 बैंक लॉकरों का पता चला है। इन सभी लॉकरों को फिलहाल सील करा दिया गया है ताकि इनको बिना विभाग की मंजूरी के कोई संचालित न कर सके। बिलों के आधार पर फैक्टरियों और नजदीकी टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज के मिलान करने पर पता चला है कि कई बड़ी खेप कभी फैक्टरी के बाहर ही नहीं निकली। सिर्फ कागजों पर डीलरों को माल सप्लाई दिखाकर लेनदेन दिखा दिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
यही नहीं, कई फुटेज में माल फैक्टरी से निकलता और आसपास के टोल प्लाजा से पार होता दिखा लेकिन उस दिन कागजों में एक भी लेनदेन दर्ज नहीं किया गया। जाहिर है कि कागजी हेरफेर के जरिये मोटी कर चोरी की गई है। फिलहाल टीमें खरीदे गए कच्चे माल और सप्लाई के लिए भेजे गए माल का ब्यौरा तैयार करने में जुटी है। दोनों के अंतर के आधार पर टीमें अघोषित लेनदेन का आकलन कर उसके आधार पर आगे फैसला लेंगी।
बता दें, आयकर विभाग कानपुर जोन के प्रधान निदेशक (अन्वेषण) पीयूष कोठारी के निर्देश पर आयकर उप निदेशक हार्दिक अग्रवाल के नेतृत्व में आयकर अधिकारी हर्षवर्धन, रंजन सैनी, संजीव कुमार, सोहनलाल की टीमें आगरा निवासी कारोबारी कृष्ण मुरारी अग्रवाल, गोविंद व तरुण अग्रवाल, हरिशंकर अग्रवाल, जितेंद्र व वीरेंद्र अग्रवाल के आगरा, कानपुर, मथुरा, भरतपुर, अलीगढ़, गौतमबुद्ध नगर व दिल्ली समेत देशभर के 35 से ज्यादा आवासीय व व्यावसायिक ठिकानों पर जांच में जुटी हैं।