Agra: चौराहों पर कोड वर्ड लिखकर ऑटो से हो रही अवैध वसूली, अमर उजाला पड़ताल में सामने आई हकीकत
ताजनगरी के चौराहों पर पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली हो रही है। यह सब कोड वर्ड से होता है। बिजलीघर चौराहे पर वसूली करने वाले ऑटो पर पेन से तारीख और रकम लिख देते हैं। चालक को हर दिन अवैध शुल्क देना पड़ता है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाटर वर्क्स पर सड़क किनारे दोपहिया वाहनों की पार्किंग चल रही है, जबकि नगर निगम ने यहां ठेका उठाया नहीं है। भगवान टॉकीज पर थाने के सामने ही ऑटो खड़े होकर सवारियां भरते हैं। इससे जाम लगता है। अमर उजाला टीम की पड़ताल में शनिवार को यह हकीकत सामने आई।
ऑटो के लिए देते हैं 20 रुपये
शनिवार दोपहर को 3:30 बजे बिजलीघर से किला मार्ग की तरफ सड़क पर ऑटो खड़े थे। चालक भगवान टाकीज के लिए सवारियां बैठा रहा था। ऑटो की साइड (कवर) पर एक नंबर 20/20 पेन से लिखा गया था। चालक ने बताया कि यह कोड वर्ड है। ऑटो खड़ा करने पर हर दिन 20 रुपये चुकाने पड़ते हैं। इसके लिए कोई पर्ची तक नहीं दी जाती है। पार्किंग का स्थान तक नहीं है। हर दिन तारीख बदल जाती है। रकम वही रहती है।थाने के सामने ही ऑटो की कतार
शाम 4 बजे भगवान टाकीज पर थाना न्यू आगरा के सामने ही ऑटो की लाइन लगी थी, जबकि ऑटो को खड़ा करने का स्थान भगवान टाकीज ओवरब्रिज के नीचे खाली स्थान पर है। इस चौराहे पर थाना पुलिस के साथ ही यातायात पुलिस भी रहती है। इन ऑटो के खड़े होने से चारों तरफ के रास्ते पर जाम के हालात बन रहे थे। पुलिसकर्मी ऑटो को नहीं हटा रहे थे।
शाम 4:30 बजे वाटर वर्क्स चौराहे पर ऑटो तो नहीं खड़े थे, गेट के पास दोपहिया वाहनों की पार्किंग बनी थी। एक व्यक्ति यहां वाहनों को खड़ा करा रहा था। जब उस व्यक्ति से पूछा गया तो बताया कि यह पार्किंग है, लेकिन ठेके के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। यहां पार्किंग का ठेका नगर निगम ने नहीं उठाया। वाहन सड़क किनारे बनी जगह पर ही खड़े थे। इसके लिए अलग से कोई स्थान नहीं था। पार्किंग में रोजाना बस से यात्रा करने वाले लोग अपने दोपहिया वाहन खड़े करते हैं।
ऑटो से जाम की समस्या
चौराहों और सड़कों पर खड़े बेतरतीब ऑटो जाम की समस्या का बड़ा कारण हैं। सिकंदरा, बोदला, शाहगंज, लोहामंडी, टेढ़ी बगिया, रामबाग, भगवान टाकीज, छीपीटोला, बिजलीघर, राजपुर चुंगी आदि इलाकों में ऑटो सड़क पर खड़े रहते हैं। इससे जाम की समस्या होती है। एक साल पहले निर्देश दिए गए थे कि ऑटो चौराहे से 50 से 100 मीटर की दूरी पर खड़े होंगे। निर्देश का पालन नहीं हो रहा। पुलिसकर्मी भी इस ओर ध्यान नहीं देते।
'अवैध वसूली नहीं हो रही'
थाना रकाबगंज के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि बिजलीघर चौराहे पर नगर निगम की ओर से कोई ठेका नहीं उठाया गया है। थाना पुलिस चौराहे पर तैनात रहती है। ऑटो आते हैं, सवारियां भरकर चले जाते हैं। अवैध वसूली नहीं हो रही है। छावनी परिषद ने आगरा किला के सामने पार्किंग बनाई है। वहां पर चालकों को पर्ची दी जाती है।